राजस्थान में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और आंधी दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी हिस्से पूरी तरह शुष्क रहे। इस बीच, प्रदेश के कई जिलों में सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
राज्य में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 47°C दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा। सिरोही में रात का तापमान 22.8°C रहा, जिससे वहां रात के समय थोड़ी राहत रही।
अगले 2-3 दिन भीषण लू का प्रकोप
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक राज्य में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। अधिकांश हिस्सों में तापमान 44°C से 46°C के बीच रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया, "बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान 46 से 47 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27 और 28 मई को पारा 48°C तक पहुंचने की आशंका है।" मौसम विभाग ने इसे देखते हुए 27 और 28 मई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ
इस बीच, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू होगा। इस विक्षोभ का अधिकतम असर 29 से 31 मई के बीच देखने को मिलेगा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर व बीकानेर संभागों में धूल भरी आंधी, 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई से तापमान में दो–तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होने का अनुमान है, जिससे लू की स्थिति से राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें-
हैदराबाद के पर्वतारोही का एवरेस्ट पर निधन, परिवार ने शव वहीं छोड़ने का किया फैसला; जानिए क्यों