1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में अपराधी बेखौफ! घर में सो रहे दो मासूम बच्चों को जिंदा जलाया, परिजनों ने लगाया आरोप

पटना में अपराधी बेखौफ! घर में सो रहे दो मासूम बच्चों को जिंदा जलाया, परिजनों ने लगाया आरोप

 Published : Jul 31, 2025 06:43 pm IST,  Updated : Jul 31, 2025 07:24 pm IST

पटना में दो बच्चों की जलकर मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने बच्चों को जिंदा जलाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक बच्चों की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक बच्चों की फाइल फोटो Image Source : REPORTER INPUT

पटनाः बिहार की राजधानी पटना में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि घर में सो रहे दो मासूम बच्चों को अपराधियों ने जिंदा जला दिया। मृत बच्चों की उम्र करीब 10 और 12 वर्ष बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस एवं फुलवारी शरीफ अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO) दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के दौरान घर पर नहीं थे बच्चों के माता-पिता

मृतक के पिता ने बताया कि हम पटना के चुनाव आयोग के दफ्तर में कार्यरत हैं और पत्नी एम्स में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात है। बच्चे स्कूल से पढ़कर आकर घर में सो रहे थे। इस दौरान किसी ने घर में घुसकर दोनों बच्चों को आग के हवाले कर दिया। पलंग पर दोनों बच्चों का शव जली अवस्था में मिला। सूचना पर घर पर पहुंचे तो देखा दोनों बच्चे जल रहे हैं। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी।

बच्चों को जिंदा जलाकर मारने का आरोप

ग्रामीणों ने घटना पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि यह सामान्य हादसा नहीं बल्कि साजिश है। उनका कहना है कि गांव के कुछ दबंगों ने जानबूझकर घर में आग लगाई, जिससे दोनों बच्चों की जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुला लिया है। डॉग स्क्वायड और स्पेशल टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आग लगने से बच्चों की मौत का प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

तेजस्वी यादव ने साधा सीएम नीतीश पर निशाना

वहीं, दो बच्चों की संदिग्ध मौत के बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने एक्स पर ट्वीट कर कहा कि 'पटना में सत्ता संरक्षित अपराधियों ने घर में घुसकर नर्स के दो नाबालिग बेटों को जिंदा जलाया। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि अब घर, कार्यालय, अस्पताल कहीं कोई सुरक्षित नहीं'। 

SDPO का सामने आया बयान

फुलवारी शरीफ SDPO दीपक कुमार ने बताया की हमें सूचना मिली थी कि दो बच्चे एक लड़का और एक लड़की की आग में जलने से मौत हो गई है। मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। परिजन कुछ लोगों पर आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने जानबूझकर आग लगाई। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने कुछ लोगों पर बच्चों को घर में घुसकर जलाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

रिपोर्ट- इस्तेयाक खान, दानापुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।