1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के 2 मजदूरों को पिटाई के बाद चलती ट्रेन से नीचे फेंका, बिजली के तार की चपेट में आकर एक की मौत, दूसरे का जबड़ा टूटा

बिहार के 2 मजदूरों को पिटाई के बाद चलती ट्रेन से नीचे फेंका, बिजली के तार की चपेट में आकर एक की मौत, दूसरे का जबड़ा टूटा

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Feb 19, 2024 08:51 pm IST,  Updated : Feb 19, 2024 08:54 pm IST

बिहार के 2 मजदूरों की ट्रेन में पिटाई हुई है और उन्हें चलती ट्रेन से नीचे फेंका गया है। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। ये मजदूर तमिलनाडु जा रहे थे।

Bihar- India TV Hindi
बिहार के 2 मजदूरों को पिटाई के बाद चलती ट्रेन से नीचे फेंका Image Source : REPRESENTATIVE PIC

मोतिहारी: बिहार के 2 मजदूरों के साथ चलती ट्रेन में बड़ी घटना हुई है। इन मजदूरों को पहले पीटा गया, फिर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। ये मजदूर बिहार से तमिलनाडु मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। इनमें से एक की मौत हो गई है और दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल है।

क्या है पूरा मामला?

मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र से मजदूरी करने जा रहे मजदूरों को पिटाई कर ट्रेन से फेंका गया, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जब मजदूरों को ट्रेन से फेंका गया, तो उनमें से एक बिजली के तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मजदूर ने इलाज के दौरान तमिलनाडु के विल्लुपुरम अस्पताल में आखिरी सांस ली।

मृतक मजदूर की पहचान कवलपुर के दीनानाथ महतो के पुत्र मोहन महतो (35) के रूप में हुई है। जख्मी मजदूर उसी गांव के छोटेलाल महतो का पुत्र सुरेंद्र महतो है। मृतक मजदूर का शव सोमवार को चेन्नई से आने पर उसके घर पर हड़कंप मच गया। 

स्थानीय मुखिया विनय कुमार ने बताया कि उनकी पंचायत के कवलपुर के रहने वाले मोहन महतो और सुरेंद्र महतो 4 फरवरी को मजदूरी करने के लिए तमिलनाडु गए थे। वह ट्रेन से जा रहे थे। विल्लुपुरम रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में लोकल मजदूरों के साथ उनकी लड़ाई हो गई। इसी दौरान पिटाई के बाद मोहन महतो को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। वह बिजली के तार से टकराकर बुरी तरह झुलस गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दूसरे मजदूर सुरेंद्र को भी बुरी तरह पीटा गया और ट्रेन से फेंका गया। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी है और उसका जबड़ा टूट गया है। वह बोल नहीं पा रहा है। इलाज जारी है। इस मामले में विल्लुपुरम थाना में दुर्घटना की एफआईआर दर्ज हुई है। (रिपोर्ट: अरविंद कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।