1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'चूना मत लगाइए, ई बिहार है... यहां खैनी के साथ चूना भी रगड़ दिया जाता है', वोट अधिकार यात्रा में बोले तेजस्वी

'चूना मत लगाइए, ई बिहार है... यहां खैनी के साथ चूना भी रगड़ दिया जाता है', वोट अधिकार यात्रा में बोले तेजस्वी

 Published : Aug 17, 2025 02:23 pm IST,  Updated : Aug 17, 2025 02:23 pm IST

तेजस्वी यादव पूरे फॉर्म में नजर आ रहे थे। उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाने पर लिया और कहा कि चूना मत लगाइए। ई बिहार है... यहां खैनी के साथ चूने को भी रगड़ दिया जाता है।

Tejashwi yadav, RJD- India TV Hindi
तेजस्वी यादव Image Source : ANI

सासाराम:  बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सासाराम में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार से लोकतंत्र खत्म नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चूना मत लगाइए, ई बिहार है, यहां खैनी के साथ चूना भी रगड़ दिया जाता है  इस यात्रा में इंडिया गठबंधन के नेता भी शामिल हो रहे हैं। 

वोट की चोरी नहीं, डकैती हो रही

वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत के मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘वोट की चोरी नहीं, बल्कि डकैती’’ की जा रही है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान में वोट का अधिकार देकर सभी लोगों को ताकत दिया, लेकिन भाजपा के लोग चुनाव आयोग को आगे करके वोट का अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, "आपके (जनता) वोट की चोरी नहीं, डकैती की जा रही है।" 

'इ बिहार है, यहां खैनी के साथ चूना भी रगड़ दिया जाता है'

तेजस्वी यादव ने कहा, "बिहार की लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र की जननी से लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।" उनका कहना था कि चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री मोदी बिहार को चूना लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मोदी जी, यह बिहार है, यहां खैनी के साथ चूना रगड़ दिया जाता है। बिहार में हम बेईमानी नहीं होने देंगे।" राजद नेता ने दावा किया कि वह जिन वादों की घोषणा करते हैं, बिहार की नीतीश कुमार सरकार नकल करके वही घोषणाएं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में "नकलची सरकार" है। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा, "हमें मौका मिला तो हम बिहार में विकास करने वाली सरकार देंगे।" 

16 दिन में 1300 किमी की यात्रा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही यात्रा में कथित "वोट चोरी" और बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएआईआर) के मुद्दे को उठाया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा में 16 दिन में 20 जिलों में कुल 1,300 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। सासाराम से शुरू हो रही यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘वोटर अधिकार रैली' के साथ होगा। इस जनसभा में ‘इंडिया' गठबंधन के राष्ट्रीय स्तर के नेता शामिल होंगे। यह यात्रा औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा से होकर गुजरेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।