1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कटिहार रेलवे स्टेशन पर गन पॉइंट पर युवक से लूटपाट, ATM से 76 हजार रुपए निकलवाए, कैश और नकदी लेकर फरार बदमाश

कटिहार रेलवे स्टेशन पर गन पॉइंट पर युवक से लूटपाट, ATM से 76 हजार रुपए निकलवाए, कैश और नकदी लेकर फरार बदमाश

 Published : Jul 20, 2026 09:33 am IST,  Updated : Jul 20, 2026 09:33 am IST

कटिहार जंक्शन पर कथित गन पॉइंट पर लूट का मामला सामने आया है। राजधानी ट्रेन से दिल्ली जाने वाले एक युवक ने 76 हजार की लूट का मामला दर्द कराया है। रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कटिहार रेलवे स्टेशन पर लूट- India TV Hindi
कटिहार रेलवे स्टेशन पर लूट Image Source : INDIA TV

बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कटिहार से दिल्ली जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस पकड़ने के लिए पहुंचे मोहम्मद रेजान नाम के एक युवक का दावा है कि उसके साथ गन पॉइंट पर लूटपाट की गई है। अपराधियों ने उसके अकाउंट से एटीएम से 76 हजार रुपए निकलवाए और उसका फोन और नकदी लेकर फरार हो गए। 

युवक आजमनगर का निवासी है जो 4 बजे की राजधानी ट्रेन पकड़ने के लिए कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचा था। जैसे ही वो रेलवे स्टेशन पर पहुंचा, युवक का दावा है कि दो बदमाशों ने उसे गन पॉइंट पर बंधक बना लिया और स्टेशन से बाहर एटीएम तक ले जाकर करीब 76 हजार रुपये निकलवाए। बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।

गन पॉइंट पर युवक से 76 हजार की लूट

पीड़ित के बड़े भाई परवेज ने बताया कि रेजान ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंचा था। करीब 3.30 बजे उसने परिवार के अलग-अलग लोगों से फोन कर अपने बैंक खाते में पैसे मंगवा रहा था। रेजान ने बड़े भाई से 20 हजार रुपए मांगे, इसके बाद उसने अपने जीजा को फोन कर 20 हजार रुपए लिए और एक दोस्त से 35 हजार रुपए मांगे। भाई के पूछने पर उसने किसी को जरूरत पर पेमेंट करने की बात की। हालांकि थोड़ी देर बाद ही रेजान ने घबराई अवाज में भाई को फोन कर बताया कि दो लोग उन्हें बंदूक दिखाकर स्टेशन से बाहर ले गए एटीएम से रुपये निकलवाए और फिर मोबाइल और कैश लेकर फरार हो गए।

घटना की जांच कर रही है रेलवे पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस हरकत में आ गई। रेल डीएसपी एके एकेला ने खुद जांच की कमान संभाली हुई है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि डीएसपी का कहना है कि पहली नजर में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।

आपको बता दें कटिहार जंक्शन हाई सिक्योरिटी रेलवे स्टेशनों में गिना जाता है। ऐसे में अगर स्टेशन से किसी यात्री को गन पॉइंट पर बाहर ले जाकर एटीएम से पैसे निकलवाए गए हैं तो ये रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। वहीं अगर मामला कुछ और निकला तो जांच में उसका भी खुलासा हो जाएगा। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर रेल पुलिस की पैनी नजर है।

इनपुट: करन कुमार

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।