भुवनेश्वर: ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (ओएमफेड) ने बुधवार को कहा कि वह अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए अमूल के साथ समझौता करने की योजना बना रहा है। ओमफेड के प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष बिष्णुपद सेठी ने कहा कि सहकारी संगठन गुजरात स्थित दुग्ध उत्पादन कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के साथ कई वार्ता कर चुका है।
ओमफेड प्लांट्स में दुग्ध की काफी आपूर्ति हो रही है और इसे दूसरे राज्यों में भेजे जाने की जरूरत है, इसलिए अमूल कोलकाता स्थित अपने संयंत्र में ओमफेड का दूध लेने को राजी हो गया है। अमूल ने ओमफेड को यह भरोसा दिलाया है कि वह इसकी खरीद तथा प्रसंस्करण के दौरान गुणवत्ता मानक में सुधार लाने में मदद करेगा।
सेठी ने कहा, "अमूल अपनी विशेषज्ञता साझा करते हुए ओमफेड की भुवनेश्वर स्थित इकाई में आईसक्रीम उत्पादन की क्षमता दोगुनी करने में मदद करेगा।"
ओमफेड को प्रतिदिन किसानों से छह लाख लीटर दूध की आपूर्ति हो रही है, जो कि 2014-15 में सिर्फ 4.45 लाख लीटर ही थी। संगठन इस दूघ का आगे इस्तेमाल करने में कठिनाई का अनुभव कर रहा है। यह ग्रामीण आधारभूत विकास कोष के अंतर्गत नबार्ड की मदद से जल्द नया संयंत्र स्थापित कर अपनी क्षमता में वृद्धि की योजना बना रहा है।