नई दिल्ली: मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी बीएसएनएल ने घोषणा की है अब समय बीत जाने के बाद भी आपका अनयूज्ड इंटरनेट डाटा आपके अगले इंटरनेट रिचार्ज में जोड़ दिया जाएगा। अभी तक तकनीकी सीमाओं के चलते आपके 2जी और 3जी के अनयूज्ड इंटरनेट डाटा को आपके अगले इंटरनेट रिचार्ज में नहीं जोड़ा जाता था।
हालिया रूझान के हिसाब से 3जी मोबाइल डाटा उपभोक्ताओं की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इसको ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल न्यूनतम टैरिफ दरों पर एक नया थ्री जी डाटा प्लान लॉन्च कर रहा है। बीएसएनएल ने हाल ही में मात्र 68 रुपए में डाटा स्पेशल टैरिफ वाउचर (एसटीवी -68) उपलब्ध कराया है जिसमें 10 दिनों की वैधता के साथ 1जीबी निशुल्क डाटा मिलता है। वर्तमान समय में कोई भी मोबाइल आपरेटर इस तरह की सेवा नहीं दे रहा है।
इसके साथ ही बीएसएनएल ने उन लाखों उपभोक्ताओं को राहत दी है जो तय समय के भीतर अपने इंटरनेट डाटा का पूरा हिस्सा इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं और उनका बचा हुआ डाटा जाया हो जाता है। अब ऐसे उपभोक्ताओं को उनके अगले इंटरनेट रिचार्ज पर उनका पुराना अनयूज्ड डाटा नए इंटरनेट डाटा में जोड़ दिया जाएगा।
क्या होगा-
मान लीजिए उपभोक्ता 26 दिनों के लिए 1जीबी का 3जी प्लान लेता है और वो 26 दिनों तक मात्र 700 एमबी डाटा ही खर्च कर पाता है तो अब उसका बचा हुआ 300 एमबी डाटा भी उसके अगले इंटरनेट रिचार्ज के साथ जोड़ दिया जाएगा। यानी उसके नए रिचार्ज पर 1जीबी+300 एमबी डाटा मिलेगा।