पुरी: सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी BSNL ओडि़शा में अपनी सेवाओं में सुधार के लिए 830 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज यहां कहा कि इसमें से आधी राशि का निवेश चालू वित्त वर्ष में ब्रॉडबैंड नेटवर्क पर किया जाएगा। प्रसाद ने आज यहां जगन्नाथ मंदिर में BSNL द्वारा तैयार वाईफाई हॉटस्पॉट जोन का उद्घाटन करते हुए कहा, चालू वित्त वर्ष में BSNL ओडि़शा की विभिन्न परियोजनाओं के लिए 830 करोड़ रुपए का परियोजना व्यय रखा गया है। इसमें 400 करोड़ रुपए राष्ट्रीय आप्टिकल फाइबर नेटवर्क एनओएफएन के लिए हैं।
यह पेशकश सरकार की ऐतिहासिक धरोहरों पर वाईफाई सेवा प्रदान करने की परियोजना का हिस्सा है। इस मौके पर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व राज्यमंत्री प्रणब प्रकाश दास भी मौजूद थे। BSNL प्रति 24 घंटे में 30 मिनट की वाईफाई सेवा उपलब्ध कराएगी। यह एक माह में तीन दिन के लिए होगी। BSNL के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि मुफ्त वाईफाई का समय समाप्त होने के बाद ग्राहक 30, 50, 90 या 150 रुपए का प्लान लेकर वाईफाई चला सकेंगे। इनकी वैधता क्रमश: 30 मिनट, 60 मिनट, 120 मिनट व एक दिन होगी।