श्रीनगर: कश्मीर में बाढ़ राहत अभियान के लिए भारतीय सेना के 20 दल साजो सामान के साथ तैयार हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सेना के अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक दल में 100-125 सैन्यकर्मी, नौका तथा वाटर पंप को तैयार रखा गया है।
इसी बीच, आईएल-76 विमान से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया दल (एनडीआरएफ) की दो कंपनियों को भठिंडा से श्रीनगर के लिए रवाना कर दिया गया है।
सेना ने सोमवार को औपचारिक तौर पर बचाव व राहत अभियान में सहयोग के लिए आग्रह किया था। साथ ही वह सोनावाड़ में दो जगहों पर झेलम नदी के तटबंधों में आई दरार को भरने का काम भी कर रही है।
एक अधिकारी ने कहा कि झेलम नदी के आसपास के इलाकों तथा ऐसे इलाके जहां भूस्खलन व हिमस्खलन होते रहते हैं, वहां लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सेना के एक अधिकारी ने यहां कहा, "सेना ने बाढ़ राहत के लिए 20 दलों को तैनाती के लिए तैयार रखा है और संकेत मिलते ही उन्हें तैनात किया जाएगा।"
बचाव अभियान के लिए 30 नौकाओं को पुलवामा, कुलगाम, बारामूला तथा खानाबल में रखा गया है।
इसके अलावा, 19 नौकाओं को श्रीनगर में विभिन्न जगहों पर रखा गया है।
श्रीनगर के पास बादामी बाग कैंट में एक संयुक्त नियंत्रण कक्ष (जेसीआर) की स्थापना की गई है। इसका आपात नंबर-2701083 है।
अधिकारी ने कहा, "इंजीनियर टास्क फोर्स को 15 तथा 16 कोर इलाके में तैयार रखा गया है। इसके अलावा, शिवपोरा तथा श्रीनगर में जमा पानी को बाहर निकालने के लिए वाटर पंप लगाया गया है। प्रभावित इलाकों में इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त पंपों को बीबी कैंट में रखा गया है।