नई दिल्ली: हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) की नॉर इंस्टैंट चाइनीज नूडल्स खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI द्वारा मंजूरी शुदा उत्पादों की सूची में नहीं है और यह नियामक की जांच के दायरे में आ सकता है।
FSSAI ने सोमवार को आदेश जारी कर नूडल्स, पास्ता व मैक्रोनी के कुछ और ब्रांडों के टेस्ट का आदेश दिया था। इस सूची में सात कंपनियों के 33 उत्पाद शामिल थे। हालांकि, HUL की चाइनीज श्रृंखला वाली ‘नॉर’ नूडल्स इस सूची में नहीं था।
खाद्य सुरक्षा नियामक ने कहा था कि इस सूची में शामिल उत्पादों के अलावा इस श्रेणी के अन्य उत्पादों का उत्पाद मंजूरी प्रक्रिया के तहत कोई आकलन या जांच नहीं की गई है और ऐसे में इस तरह के उत्पादों की बिक्री अनधिकृत व गैरकानूनी है और वे मानव के खाने के योग्य नहीं हैं।
इस बारे में संपर्क करने पर HUL के प्रवक्ता ने कहा, ‘चाइनीज श्रंखला के नॉर नूडल्स की के मामले में हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इसमें इस्तेमाल तत्व HUL नियमनों, 2011-कोडेक्स मानक के अनुरूप हैं और इसका ब्योरा FSSAI को दिया गया है।’
HUL की नॉर नूडल्स की चाइनीज रेंज दो स्वादों हॉट एंड स्पाइसी तथा शेजवान में उपलब्ध है। नॉर सूपी नूडल्स के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि यह सूप आधारित उत्पाद है और खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानून (FSSAI) 2006 के तहत मानकीकृत उत्पाद है। ऐसे में इस पर FSSAI के उत्पाद मंजूरी दिशानिर्देश इस पर लागू नहीं होते।