1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 12 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 8 लाख की इनामी चंद्रना भी शामिल

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 12 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 8 लाख की इनामी चंद्रना भी शामिल

 Published : Jul 09, 2025 04:56 pm IST,  Updated : Jul 09, 2025 04:56 pm IST

2020 में शुरू हुए लोन वर्राटू (अपने घर/गांव वापस लौटो) अभियान में अब तक 249 इनामी नक्सली समेत 1005 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के 813 पुरुष और 192 महिला नक्सली शामिल हैं।

naxalite surrender- India TV Hindi
12 नक्सलियों ने किया सरेंडर। Image Source : SOCIAL MEDIA

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादी दंपति समेत 12 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों में डिविजन कमेटी सदस्य चंद्रन्ना उर्फ बुरसू पुनेम (52) और अमित उर्फ हिंगा (26) पर आठ-आठ लाख रुपये तथा एरिया कमेटी सदस्य और अमित की पत्नी अरुणा लेकाम (25) पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

किस पर कितना था इनाम?

अधिकारियों ने बताया कि नक्सली देवा कवासी (22) पर तीन लाख रुपये जबकि राजेश मड़काम (35) पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि नक्सली पायके ओयाम (25) के सर पर एक लाख रुपये तथा नक्सली कोसा सोढ़ी (23), महेश लेकाम (23) और राजू करटाम (20) पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सरेंडर करने वाले माओवादियों में एक पश्चिम बस्तर डिविजन का डिविजन कमेटी सदस्य, एक गढ़चिरौली डिविजन का डिविजन कमेटी सदस्य, एक एरिया कमेटी सदस्य और एक माड़ डिविजन प्लाटून नंबर 32 का सेक्शन कमांडर शामिल हैं।

कई बड़ी घटनाओं में थे शामिल

उन्होंने बताया कि 30 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय माओवादी चंद्रन्ना पुनेम तारलागुड़ा, जांगला, बिरियाभूमि, तड़केल, हिंगुम, तिमेनार, पोर्रोवाड़ा और कोरचोली के जंगल में हुई मुठभेड़ और बारूदी सुरंग विस्फोट जैसे बड़ी घटनाओं में शामिल था। वहीं नक्सली देवा कवासी के खिलाफ पुलिस शिविर और पुलिस दल पर गोलीबारी करने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि अन्य नक्सलियों पर नक्सली बंद के दौरान सड़क खोदने, पेड़ काटने, नक्सली बैनर, पोस्टर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

‘लोन वर्राटू’ के तहत अब तक कितने नक्सलियों का सरेंडर?

उन्होंने बताया कि 2020 में शुरू हुए लोन वर्राटू (अपने घर/गांव वापस लौटो) अभियान में अब तक 249 इनामी नक्सली समेत 1005 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के 813 पुरुष और 192 महिला नक्सली शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। उन्हें अन्य सुविधाएं जैसे कौशल विकास प्रशिक्षण और कृषि भूमि मुहैया कराई जाएगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ में नक्सली हमला: बिजापुर में IED विस्फोट, CRPF के दो जवान घायल 

छत्तीसगढ़ में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने ग्रामीण को घर से घसीटकर मार डाला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।