1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के जशपुर में 13 साल की लड़की के साथ गैंगरेप, 4 नाबालिग समेत 6 लोग हिरासत में

छत्तीसगढ़ के जशपुर में 13 साल की लड़की के साथ गैंगरेप, 4 नाबालिग समेत 6 लोग हिरासत में

 Published : Jun 06, 2024 10:19 pm IST,  Updated : Jun 06, 2024 10:21 pm IST

छत्तीसगढ़ के जशपुर में 13 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में चार नाबालिगों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि यह घटना 4 जून को सन्ना थाना क्षेत्र में हुई जब किशोरी एक शादी में शामिल होने के बाद रात में घर लौट रही थी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE-ANI

जशपुरः  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 13 वर्षीय बालिका के साथ कथित रूप से हुये सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, तथा इस मामले में चार नाबालिग लड़कों को भी पकड़ा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में एक बालिका से बलात्कार के आरोप में सुरक्षाबलों ने मनोज कुमार (24) और प्रवीत पैंकरा (21) को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी समारोह से लौटने के दौरान हुई थी घटना

पुलिस ने चार नाबालिग लड़कों को भी पकड़ा है। उन्होंने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के पिता ने पांच जून को पुलिस में शिकायत की कि चार जून की रात में गांव में एक शादी समारोह से जब उनकी बेटी एक अन्य लड़की के साथ घर लौट रही थी, तभी रात 12 बजे मनोज कुमार और दो अन्य नाबालिग लड़कों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान एक लड़की वहां से भागने में सफल रही, बाद में आरोपी लड़कों ने जंगल में पीड़िता के साथ बलात्कार किया।

4 नाबालिग लड़कों को पुलिस ने पकड़ा

घटना के बाद दूसरा आरोपी प्रवीत पैंकरा भी अपने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ वहां पहुंच गया और उन्होंने भी पीड़िता के साथ बलात्कार किया और घटना को अंजाम देने के बाद वे मौके से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और अपने परिजनों को इसकी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में 16 से 17 वर्ष के चार लड़कों को भी पकड़ा है । पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इनपुट-भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।