1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बीजापुर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, 22 नक्सलियों को किया गिरफ्तार

बीजापुर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, 22 नक्सलियों को किया गिरफ्तार

 Edited By: Shailendra Tiwari
 Published : Apr 17, 2025 05:03 pm IST,  Updated : Apr 17, 2025 05:03 pm IST

छत्तीसगढ़ में तैनात सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने बीजापुर जिले में 22 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।

Chhattisgarh- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : X

छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने बीजापुर जिले में 20 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने इसे लेकर रहा कि उसूर, जांगला और नेलसनार थाना क्षेत्र में यह सफलता हाथ लगी है, जहां हमारी टीम ने 22 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी को अलग-अलग कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया है।

टेकमेटला गांव के जंगल से 7 गिरफ्तार

आगे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीते मंगलवार के दिन उसूर थाना से जिला पुलिस बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन को गश्त के लिए रवाना किया गया था। इसी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 7 नक्सलियों को टेकमेटला गांव के जंगल से गिरफ्तार किया। इन सभी गिरफ्तार नक्सलियों के पास टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, बिजली का तार और अन्य सामान बरामद किया है।

बेलचर गांव के जंगल से 6 गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि इसी तरीके से जिले के जांगला थाना से जिला पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के ज्वाइंट टीम बेलचर, भुर्रीपानी और कोटमेटा गांव की ओर गश्त के लिए गई थी और इसी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बेलचर गांव के जंगल से 6 और नक्सलियों को धर दबोचा। इन सभी नक्सलियों के कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, डेटोनेटर, बिजली का तार, बैटरी, खुदाई का औजार और अन्य सामान बरामद किया गया है।

कांदाकरका के जंगल से 9 नक्सली धरे गए

उन्होंने बताया कि ऐसे ही नेलसनार थाना से भी एक टीम को कांदाकरका गांव की ओर रवाना किया गया। जहां सुरक्षाबलों ने कांदाकरका के जंगल से 9 नक्सलियों को अपने गिरफ्त में कर लिया और इन नक्सलियों के कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, डेटोनेटर, बिजली का तार, बैटरी, खुदाई का औजार, नक्सल साहित्य और अन्य सामान बरामद किया गया है। अधिकारी ने आगे कहा कि अभी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा जारी है।

(इनपुट- पीटीआई)

ये भी पढ़ें:

​छत्तीसगढ़ में एक और मुठभेड़, दो हार्डकोर नक्सली ढेर, तलाशी अभियान जारी

25 लोगों को लेकर जा रही गाड़ी नहर में पलटी, 5 के शव बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।