1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ: धोखाधड़ी के आरोप में कांग्रेस विधायक समेत दो लोगों पर मामला दर्ज , जानें पूरा मामला

छत्तीसगढ: धोखाधड़ी के आरोप में कांग्रेस विधायक समेत दो लोगों पर मामला दर्ज , जानें पूरा मामला

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Oct 04, 2025 01:25 pm IST,  Updated : Oct 04, 2025 01:26 pm IST

शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने शर्मा, उनकी मां और पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान लगाकर कुल 42 लाख 78 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद मामले की जांच की गई और जांच के बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

Baleshwar sahu- India TV Hindi
बालेश्वर साहू, कांग्रेस विधायक Image Source : X@BALESHWARSAHU6

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण दिलाने के बहाने तीन लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के फरसवानी गांव निवासी राजकुमार शर्मा की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। 

दो महीने पहले दर्ज कराई थी शिकायत

अधिकारियों ने बताया कि दो महीने पहले आवेदक राजकुमार शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2015-2020 के बीच जब बालेश्वर साहू जिला सहकारी समिति बम्हनीडीह में प्रबंधक के पद पर थे व गौतम राठौर समिति में सेल्समैन के पद पर तैनात थे तब उन्होंने उनकी 50 एकड़ जमीन पर केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन लेने की सलाह दी थी। 

कुल 42 लाख 78 हजार रुपये हड़पने का आरोप

उन्होंने बताया कि इसके बाद साहू और राठौर ने चांपा शहर के एचडीएफसी बैंक में शर्मा का खाता खुलवाया और वहां से शर्मा का ‘ब्लैंक चेक’ लेकर 24 लाख रुपये की राशि अपने और अपनी पत्नी के खाते में अंतरित करा ली। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने शर्मा, उनकी मां और पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान लगाकर कुल 42 लाख 78 हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने बताया कि शर्मा की शिकायत के बाद मामले की जांच की गई और जांच के बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। 

पहली बार विधायक बने हैं साहू

जब जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक साहू से उनका आधिकारिक बयान जानने के लिए संपर्क किया, तब उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। बालेश्वर साहू ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर जैजैपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कृष्णकांत चंद्रा को 25 हजार से भी अधिक मतों से पराजित किया था। साहू पहली बार विधायक बने हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।