1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: बच्चों के डॉक्टर को मिला अनोखा वेडिंग गिफ्ट, फोटो शेयर कर बताई- दिल छू लेने वाली कहानी

छत्तीसगढ़: बच्चों के डॉक्टर को मिला अनोखा वेडिंग गिफ्ट, फोटो शेयर कर बताई- दिल छू लेने वाली कहानी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 02, 2025 02:39 pm IST,  Updated : Aug 02, 2025 02:41 pm IST

डॉक्टर ने बताया कि इलाज के दौरान बच्ची उनकी दोस्त बन गई थी और वह एक-दूसरे को मजाक में डंकी कहते थे। शादी में बच्ची का गिफ्ट पाकर डॉक्टर की आंखों में आंसू आ गए।

Tanmay- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ डॉक्टर तन्मय Image Source : X/@LEAST_ORDINARY

छत्तीसगढ़ के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. तन्मय मोतीवाला को शादी पर बेहद खास तोहफा मिला है। उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है और नन्ही मरीज से मिले गिफ्ट की फोटो भी शेयर की है। डॉक्टर ने बताया कि खुशी नाम की एक लड़की का उन्होंने इलाज किया था। इस दौरान दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई थी। जब डॉक्टर ने शादी की तो खुशी को भी निमंत्रण भेजा। हालांकि, खुशी उनकी शादी में शामिल नहीं हो सकी, लेकिन उसने जो वेडिंग गिफ्ट दिया, उसने इस पल को और खास बना दिया।

खुशी एक कैंसर सर्वाइवर है, जिसका इलाज डॉ. मोतीवाला ने किया था। उन्होंने उन गिफ्ट की फोटो भी शेयर की है, जो खुशी ने अपने हाथ से बनाए थे और शादी पर डॉ. को भेजे। उन्होंने लिखा, "मेरा दिल भर आया। आज खुशी के आंसू बह निकले। मुझे खुशी से एक पैकेज मिला। एक ऐसा सरप्राइज जिसने मुझे बहुत प्रभावित किया। मैंने उसे अपनी शादी में बुलाया था, लेकिन वह नहीं आ सकी। उसकी जगह उसने मुझे खूबसूरत हाथ से बने उपहारों का एक सेट भेजा।"

मरीज से बढ़कर है खुशी

खुशी को एक मरीज से भी बढ़कर बताते हुए डॉ. ने कहा, "हां, खुशी मेरी मरीज है, लेकिन उससे भी बढ़कर है, वह एक प्यारी दोस्त है। एक बहादुर कैंसर सर्वाइवर। एक बच्ची जिसने मुझे जिंदगी के बारे में इतना कुछ सिखाया है, जितना कोई और नहीं सिखा सकता। उसने मुझे एक बाल रोग विशेषज्ञ का जीवन जीने का तरीका सिखाया है।" उन्होंने यह भी बताया कि कैसे खुशी ने एक बार उन्हें मजाक में "गधा" कहा था। खुशी ने वेडिंग गिफ्ट में भी डॉक्टर के लिए गधा शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके पीछे की कहानी बताते हुए डॉ. ने लिखा "मैं राउंड लेते हुए, उसे उसका नाम लिखना सिखा रहा था। मैंने कहा - 'DONKEY = PARI'। उसने जवाब दिया, 'DONKEY = TANMAY।' हम दोनों जोर से हंस पड़े।" 

2022 में हुआ था इलाज

कैंसर से जूझ रही खुशी का इलाज साल 2022 में हुआ था। पांच साल की बच्ची चेस्ट ट्यूमर से परेशान थी। शुरुआत में डॉ. ने बच्ची से बात करने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह जवाब नहीं दे रही थी। धीर-धीरे दोनों की दोस्ती शुरू हुई और बाद में अच्छे दोस्त बन गए। राउंड के समय खुशी डॉ. की अंगुली पकड़कर उनके साथ अस्पताल में घूमती थी। डॉ. ने लिखा, "उसने मुझे जिंदगी में संघर्ष करने की कला सिखाई और चाहे कुछ भी हो जाए, अपनी मुस्कान को कभी कम न होने देना सिखाया। उन्होंने मुझे यह भी सिखाया कि डॉक्टर और मरीज का रिश्ता जांच, सर्जरी और बिलों से कहीं आगे तक जाता है।"

यूजर्स ने की तारीफ

एक्स यूजर्स इस कहानी से बेहद प्रभावित हुए। एक यूजर ने लिखा, "आप दोनों के बीच कितना खूबसूरत रिश्ता है। यह और भी मजबूत होता जाए। आप एक बेहतरीन डॉक्टर हैं, और यह बात मैं आपको पहले भी बता चुका हूं। आप इसी तरह ज्यादा से ज्यादा लोगों के दिलों को छूते रहें।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "हाथ से बने उपहारों में एक निजी स्पर्श होता है, जिसे कोई पैसा नहीं खरीद सकता। विशेष रूप से उस व्यक्ति से जिसने आपकी देखभाल के कारण जीवन और विश्वास वापस पा लिया है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।