1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में 3 लोकसभा सीटों के लिए 52 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, जानें कहां से किसने भरा पर्चा

छत्तीसगढ़ में 3 लोकसभा सीटों के लिए 52 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, जानें कहां से किसने भरा पर्चा

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 04, 2024 11:23 pm IST,  Updated : Apr 04, 2024 11:23 pm IST

छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए तीन लोकसभा सीटों पर 52 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। गुरुवार को चुनाव से संबंधित अधिकारियों ने जानकारी दी। भाजपा के उम्मीदवार संतोष पांडेय ने राजनांदगांव से अपना पर्चा भरा है।

chhattisgarh Loksabha Election 52 candidates filed nomination for 3 Lok Sabha seats in Chhattisgarh- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ की 3 लोकसभा सीटों पर 52 नामांकन Image Source : PTI

छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की तीन लोकसभा सीटों के लिए 52 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। चुनाव अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संतोष पांडेय ने आज राजनांदगांव लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। राज्य की 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होंगे तथा वोटों की गिनती चार जून को होगी। राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर (अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित) सीट पर मतदान दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होगा। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था और कुल 52 उम्मीदवारों ने तीन सीटों के लिए 95 नामांकन दाखिल किए हैं। 

Related Stories

उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

उन्होंने बताया कि कुछ उम्मीदवारों ने एक से अधिक सेट में नामांकन दाखिल किया है। अधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव से 23, महासमुंद से 19 और कांकेर से 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। राजनांदगांव जिलाधिकारी कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी पांडेय के नामांकन दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। राजनांदगांव से मौजूदा सांसद पांडेय इस सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। 

भूपेश बघेल लड़ेंगे चुनाव

इस सीट पर कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मैदान में उतारा है। संवाददाताओं से बात करते हुए साय ने विश्वास जताया कि राजनांदगांव की जनता पांडेय को दोबारा चुनेगी। साय ने कहा, "संतोष पांडेय ने एक ऊर्जावान सांसद के रूप में संसद में सदैव आम जनता के पक्ष को रखा है। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के हितों की कभी उपेक्षा नहीं की। निश्चित रूप से यहां की आम जनता संतोष पांडेय को संसदीय क्षेत्र का पुनः नेतृत्व देगी और संतोष पांडेय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के साथ मिलकर राजनांदगांव का चहुंमुखी विकास करेंगे।"

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।