1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: सुकमा में नक्सलियों के हौसले बुलंद, 16 साल के छात्र की पीट-पीटकर हत्या की

छत्तीसगढ़: सुकमा में नक्सलियों के हौसले बुलंद, 16 साल के छात्र की पीट-पीटकर हत्या की

 Published : Aug 14, 2024 11:21 pm IST,  Updated : Aug 14, 2024 11:21 pm IST

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के हौसले बुलंद हैं और उन्होंने एक 16 साल के बच्चे की हत्या कर दी है। पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों ने पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में शंकर की हत्या की।

Naxalites- India TV Hindi
नक्सलियों ने छात्र की हत्या की Image Source : REPRESENTATIVE PIC

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के एक गांव में नक्सलियों ने 16 साल के स्कूली छात्र की कथित तौर पर पीटकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना जगरगुंडा थाना क्षेत्र के पुवर्ती गांव में मंगलवार रात को हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोयम शंकर के रूप में हुई है, जो अपने एक रिश्तेदार की मौत के बाद वहां पहुंचा था। 

सामने आई हत्या की वजह

अधिकारियों ने बताया कि छात्र की हत्या की सूचना मिलने के बाद सुबह पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण चव्हाण ने बताया कि प्रारंभिक जांच से जानकारी मिली है कि पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के पालनार इलाके के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला शंकर करीब एक सप्ताह पहले परिवार की एक महिला सदस्य की मौत के बाद पुवर्ती गांव पहुंचा था। 

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि नक्सलियों ने पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में शंकर की हत्या की। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि शंकर के बड़े भाई सोयम सीताराम (19) की भी पांच-छह दिन पहले उसी गांव में नक्सलियों ने हत्या कर दी थी और परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। 

एसपी ने कहा कि इस बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी ने बताया कि नक्सलियों के डर से शंकर का परिवार गांव छोड़कर कहीं और चला गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुवर्ती नक्सली नेता और माओवादियों की पीएलजीए बटालियन नंबर एक के पूर्व कमांडर हिडमा और मौजूदा कमांडर बारसे देवा का गृह ग्राम है। माओवादियों की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन नंबर एक की दक्षिण बस्तर में कई घातक हमलों में संलिप्तता रही है। पुलिस ने इस वर्ष फरवरी में पुवर्ती में अपना शिविर स्थापित किया। (इनपुट: भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।