कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां एक कार में आग लगने से चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद घायलों को कांकेर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर रवाना की गई। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक चार लोगों की मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देर रात हुआ हादसा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरा मामला कांकेर जिले के आतुरगांव का है। यहां बीती रात लगभग सवा एक बजे एक कार में आग लग गई। कार में आग लगने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान युवराज सोरी (24), हेमंत शोरी (20), सूरज उइके (19) और दीपक मरावी (19) के रूप में की गई है। वहीं घायलों में पृथ्वीराज सलाम (19) और प्रीतम नेताम (21) के नाम सामने आए हैं। फिलहाल दोनों घायलों को कांकेर जिले अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है।
टक्कर के बाद कार में लगी आग
पुलिस ने बताया कि बीती देर रात छह युवक एक कार में सवार होकर जिले के केशकाल से कांकेर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आतुरगांव के पास उनकी कार एक पुल के किनारे कंक्रीट से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे का बाद कार में स्पार्किंग और शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें से दो व्यक्ति ही बाहर निकाल पाए और चार लोगों की कार के अंदर ही जलकर मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल और दमकल की गाड़ी को घटनास्थल पर भेजा गया। थोड़ी देर बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)