1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: बाइक में 300 और चार पहिया वाहन में 1000 रुपये से अधिक नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, गरियाबंद में आदेश जारी

छत्तीसगढ़: बाइक में 300 और चार पहिया वाहन में 1000 रुपये से अधिक नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, गरियाबंद में आदेश जारी

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 16, 2026 08:36 pm IST,  Updated : May 16, 2026 08:42 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोगों से ईंधन की उपलब्धता को लेकर घबराने की अपील न करने को कहा और उन्हें पेट्रोल, डीज़ल और कुकिंग गैस के पर्याप्त स्टॉक का भरोसा दिलाया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

गरियाबंदः छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारों की खबरों के बीच अब गरियाबंद जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी कर वाहनों में निर्धारित मात्रा में ईंधन देने को कहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं और राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। 

अधिकारियों ने बताया कि गरियाबंद के जिलाधिकारी ने जिले के सभी पेट्रोल पंप के संचालकों के लिए जारी आदेश में कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में आपूर्ति नियमित होने तक और उपभोक्ताओं के द्वारा अनावश्यक क्रय की स्थिति के कारण जमाखोरी की आशंका एवं अव्यवस्था को देखते हुए दोपहिया वाहन में तीन सौ रुपये और चारपहिया वाहन में एक हजार रुपये का पेट्रोल देना सुनिश्चित करें और पेट्रोल एवं डीजल को ड्रम, जेरीकेन या बोतल में विक्रय न करें। सरकारी आदेश में कहा गया है कि अतिआवश्यक सेवा में प्रयुक्त वाहन जैसे एम्बुलेंस आदि को प्राथमिकता से पेट्रोल और डीजल प्रदान करें। 

सीएम साय ने कहा है, ''मैं प्रदेशवासियों से एक महत्वपूर्ण बात कहना चाहूंगा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी जो स्थिति बनी हुई है, उसका प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ रहा है, उससे हमारा देश भी अछूता नहीं है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि हम सभी पेट्रोल-डीजल जैसे महत्वपूर्ण संसाधनों के उपयोग में संयम और सावधानी बरतें और अनावश्यक खपत से बचें। ऐसी खरीददारी भी न करें, जिससे देश का पैसा विदेशों में जाए। 

बता दें कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत राज्य के कुछ अन्य शहरों में बृहस्पतिवार से पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं, जबकि पंप संचालकों का कहना है कि ईंधन की आपूर्ति काफी हद तक सामान्य बनी हुई है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। राज्य की खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।