सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक दो बदमाश महिला के घर के पास गए। इनमें से एक बदमाश बाहर ही रुक गया और दूसरा घर के अंदर चल गया। अंदर जाने के बाद आरोपी ने महिला पर तीन राउंड गोली चलाई। बताया जा रहा है कि एक गोली महिला के सिर में लगी, जबकि दो गोलियां अलग-अलग हिस्सों में लगीं। गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नकाबपोश बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले के एक गांव में 25 साल की महिला सेल्स एग्जीक्यूटिव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो नकाबपोश बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। हमलावर युवती के घर में घुसे और उनमें से एक ने तीन राउंड गोली चलाई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सक्ती शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर जोंधरा गांव में सुबह करीब 11 बजे हुई। पीड़िता की पहचान पूर्णिमा चौहान के तौर पर हुई है, जो अपनी शादी टूटने के बाद अपने माता-पिता के घर रहने लगी थी। वहीं दिन-दहाड़े हुई इस हत्या के पीछे की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका।
महिला के सिर में लगी गोली
जानकारी के मुताबिक दोनों बदमाश बाइक पर आए थे और उनके चेहरे सफेद स्कार्फ से ढके हुए थे। पुलिस ने बताया कि उनमें से एक हथियार लेकर घर के अंदर गया, जबकि दूसरा बाहर बाइक के पास ही खड़ा रहा। घर में घुसने के बाद, हथियारबंद हमलावर ने परिवार के सदस्यों से पीड़िता के बारे में पूछा। जैसे ही वह बाहर आई, तो आरोपी ने उस पर गोली चला दी। हमलावर ने तीन राउंड गोली चलाई। एक गोली उसके सिर में लगी, जबकि बाकी गोलियां उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में लगीं। गोली लगने के बाद वह वहीं गिर पड़ी।
मायके में रह रही थी महिला
पुलिस ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य दौड़े और उसे खून से लथपथ हालत में पाया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 'डायल-112' की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता पिछले चार साल से एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम कर रही थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन शादी टूटने के बाद पिछले दो-तीन साल से वह अपने मायके में रह रही थीं।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद पुलिस के सीनियर अधिकारी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हमलावरों के बारे में सुराग पाने के लिए आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि हत्या के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-