1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का कहर, जलमग्न हुए इलाके, कई मार्ग बंद; 5 की मौत

छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का कहर, जलमग्न हुए इलाके, कई मार्ग बंद; 5 की मौत

 Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 30, 2026 03:03 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 03:04 pm IST

छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, नदियां और नाले उफान पर हैं। वहीं, कई स्थानों पर सड़क संपर्क बाधित होने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश।- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश। Image Source : PTI

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही वर्षा के कारण निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, नदियां और नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर सड़क संपर्क बाधित होने से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। वर्षाजनित विभिन्न हादसों में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के अनुसार, रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हैं।

कई मुख्य मार्ग बंद, ओडिशा से संपर्क टूटा

बारिश के कारण कई मुख्य मार्ग बंद कर दिए गए हैं। रायपुर को पड़ोसी राज्य ओडिशा से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-130 भारी जलभराव के कारण पूरी तरह बंद है। इसके अलावा गरियाबंद-महासमुंद, गरियाबंद-नगरी-धमतरी और कोचबाय-मालगांव-कसानाला मार्ग भी यातायात के लिए बाधित हैं। बीजापुर जिले में भी संपर्क मार्ग कट गए हैं, जिससे सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

वर्षाजनित हादसों में 5 लोगों की गई जान

विभिन्न जिलों में हुए हादसों में लोगों की जान गई है। गरियाबंद में उफनते सरगी नाले को पार करते समय 55 वर्षीय एक व्यक्ति बह गया, जिसका शव खुटेरी गांव के पास मिला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में लाट नाले के पुल को पार करते समय कार समेत बहे एक दंपति का शव बुधवार को बरामद किया गया। वहीं, सक्ती जिले के दमऊधारा जलप्रपात में तेज बहाव में बहे दुर्ग-भिलाई के 20 वर्षीय युवक का शव 24 घंटे के अभियान के बाद मिला। बीजापुर में पेड़ गिरने से एक किसान की मौत हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गरियाबंद में सिकासार बांध के 16 फाटक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। एहतियात के तौर पर पंतोरा के शासकीय बालिका आवासीय विद्यालय की 50 से अधिक छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। गरियाबंद जिला अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया है। धमतरी में भी सोंढूर बांध के फाटक खोले गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और उफनती नदियों या पुलों को पार करने की जोखिम न उठाएं।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।

ये भी पढ़ें-

VIDEO: संसद परिसर में कल्याण बनर्जी और प्रियंका गांधी के बीच मजाकिया तंज, पप्पू यादव ने भी ली चुटकी

स्कूल में डांट पड़ने से नाराज छात्र ने प्रिंसिपल पर किया हमला, फिर VIDEO बनाकर सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।