छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के ठिकानों से 50 हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामान बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी से मुक्त घोषित किए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने बस्तर क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया ताकि माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाई गयी नकदी, हथियारों और विस्फोटकों का पता लगाया जा सके। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि एक अप्रैल से 14 मई तक जिला पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने कांकेर के दूरदराज एवं संवेदनशील इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया।
राखेचा ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाए गए अलग-अलग ठिकानों से 50 हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें बरामद कीं। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए हथियारों में एक 7.62 एमएम एसएलआर एलएमजी (सेल्फ लोडिंग राइफल-लाइट मशीन गन), एक 5.56 एमएम एलएमजी, पांच 303 राइफलें, 11 देसी 'सिंगल-शॉट' बंदूकें, एक 315 बोर की बंदूक और एक 7.65 एमएम की पिस्तौल सहित अन्य हथियार शामिल हैं।
10 कुकर बम बरामद
अधिकारी ने बताया कि बरामद किये गये अन्य विस्फोटकों में 10 कुकर बम, एक तीर बम, 469 कारतूस, 46 किलोग्राम बारूद, चार वॉकी-टॉकी और एक छोटी गैस वेल्डिंग मशीन शामिल हैं। पुलिस ने 13 मई को बताया था कि सुरक्षा बलों ने पिछले दो सप्ताह में बीजापुर जिले के जंगलों में माओवादियों के ठिकानों से 65 लाख रुपये से अधिक की नकदी, 32 हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें बरामद की थीं।
19 मई को बस्तर में होगी अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 मई को बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ से 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद की समाप्ति की घोषणा के बाद शाह पहली बार यहां पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की तैयारियों को लेकर आज उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मध्य क्षेत्रीय परिषद यह महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। आज की उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें-
छत्तीसगढ़: जिस बेटे पर था परिवार का भरोसा, उसी ने बुजुर्ग दंपति और 2 पोते-पोतियों को मार डाला