1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: जिस बेटे पर था परिवार का भरोसा, उसी ने बुजुर्ग दंपति और 2 पोते-पोतियों को मार डाला

छत्तीसगढ़: जिस बेटे पर था परिवार का भरोसा, उसी ने बुजुर्ग दंपति और 2 पोते-पोतियों को मार डाला

 Published : May 14, 2026 03:55 pm IST,  Updated : May 14, 2026 03:55 pm IST

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में खूनी वारदात को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस बेटे ने अपने भाई की हत्या की थी उसी ने अब अपने बुजुर्ग मां-बाप और भतीजे-भतीजी को मौत के घाट उतार दिया।

जांजगीर-चांपा जिले...- India TV Hindi
जांजगीर-चांपा जिले में बुजुर्ग दंपति और दो पोते-पोतियों की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI (FILE PHOTO)

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बुजुर्ग दंपति और उनके 2 पोते-पोतियों की हत्या कर दी गई। हत्या की खबर से फैली सनसनी के बीच पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि बुजुर्ग दंपति का बेटा ही निकला। इस मामले में पुलिस ने मृतक दंपति के बेटे सोनसाय और उसके बेटे डाकेश्वर को हिरासत में लिया है।

निर्माणाधीन मकान में मिले 4 शव

जिले के शिवरीनारायण पुलिस थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में निर्माणाधीन मकान के भीतर पुलिस ने आज 4 शव बरामद किए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह जब मजदूर काम के लिए वहां पहुंचे तब उन्होंने शवों को देखा और अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65), और उनके पोते-पोतियों पीतांबर कश्यप (17) व मोगरा (25) के रूप में हुई है।

भाई की हत्या कर 15 साल जेल में रह चुका है आरोपी

शुरुआती जांच के अनुसार, मेदनी प्रसाद के 3 बेटे थे, जिनमें सोनसाय भी शामिल है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोनसाय ने पहले अपने एक भाई की हत्या कर दी थी और उस मामले में 15 साल की जेल की सजा काटी थी, जबकि दूसरे बेटे ने आत्महत्या कर ली थी। अधिकारी ने बताया कि सोनसाय ने अपने बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू के साथ मिलकर अपने माता-पिता और अपने दो मृत भाइयों के बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जब वे निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे।

पीतांबर और मोगरा इकलौते बेटा-बेटी थे

पीतांबर अपने दिवंगत पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोगरा अपने पिता की इकलौती बेटी थी। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह मजदूरों ने चारपाई पर शव देखे, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। आरोपी पारिवारिक संपत्ति पर अपना एकाधिकार चाहता था और संदेह है कि उसने अन्य दावेदारों को रास्ते से हटाने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

घर में आग लगने से जिंदा जल गया पूरा परिवार, सीएम साय ने जताया शोक; मुआवजे की घोषणा

छत्तीसगढ़: तरबूज खाने के बाद 15 साल के लड़के की मौत, 3 बच्चे बीमार, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।