1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बीजापुर में नक्सलियों के ठिकानों से 65 लाख रुपये की नकदी के साथ भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

बीजापुर में नक्सलियों के ठिकानों से 65 लाख रुपये की नकदी के साथ भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 13, 2026 11:31 pm IST,  Updated : May 13, 2026 11:37 pm IST

बीजापुर क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियानों के दौरान पूर्व माओवादी ठिकानों से LMG, SLR, Carbine रायफल सहित 32 हथियार एवं नक्सल संबंधी सामग्री बरामद की गई है।

नक्सलियों के ठिकानों से हथियार बरामद- India TV Hindi
नक्सलियों के ठिकानों से हथियार बरामद Image Source : REPORTER

बीजापुर: छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों ने पिछले दो हफ़्तों में माओवादियों के ठिकानों से 65 लाख रुपये से ज़्यादा की नकदी के साथ-साथ भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद, सुरक्षा बलों ने बस्तर क्षेत्र (जिसमें बीजापुर सहित सात ज़िले शामिल हैं) में तलाशी अभियान तेज़ कर दिया, ताकि माओवादियों द्वारा पहले छिपाए गए नकदी, हथियारों और विस्फोटकों का पता लगाया जा सके। 

संवेदनशील इलाकों में तलाशी 

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पिछले 15 दिनों में, ज़िला पुलिस, जिला रिज़र्व गार्ड (डीआरजी), 'स्पेशल टास्क फ़ोर्स' (एसटीएफ), सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (सीआरपीएफ) और उसकी विशेष इकाई कोबरा (कमांडो बटालियन फ़ॉर रिज़ॉल्यूट एक्शन) के जवानों ने बीजापुर के दूरदराज एवं अत्यधिक संवेदनशील इलाकों में गहन तलाशी और क्षेत्र पर नियंत्रण (एरिया डोमिनेशन) अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग और एक मज़बूत खुफिया नेटवर्क की मदद से, सुरक्षा बलों ने जंगल में माओवादियों के कई ठिकानों का पता लगाया, जहां नकदी, हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। 

तीन ठिकानों से 65.52 लाख रुपये की नकदी बरामद

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने तीन ठिकानों से 65.52 लाख रुपये की नकदी के साथ-साथ 32 हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और रोज़मर्रा के इस्तेमाल की चीज़ें बरामद कीं। एसपी के अनुसार जब्त हथियारों में एक लाइट मशीन गन (एलएमजी), चार 'सेल्फ़-लोडिंग राइफ़ल' (एसएलआर), एक कार्बाइन राइफ़ल, पांच .303 राइफ़ल, एक .315 राइफ़ल, पांच 'सिंगल-शॉट' हथियार, चार 12-बोर बंदूकें, सात 'बैरल ग्रेनेड लॉन्चर' (बीजीएल), एक आठ एमएम पिस्तौल, एक पुरानी (विंटेज) 'बोल्ट-एक्शन राइफल' और दो अन्य 'बोल्ट-एक्शन' हथियार शामिल थे।  

उन्होंने कहा कि इन बरामदगियों के साथ, पिछले डेढ़ साल में बीजापुर ज़िले में कुल 461 हथियार ज़ब्त किए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पामेड इलाके के तहत कवरगुट्टा के जंगलों में माओवादियों के एक ठिकाने से बरामद लगभग 40 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और हाल के दिनों में इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके से बरामद 100 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट एवं यूरिया को सुरक्षा नियमों के अनुसार नष्ट कर दिया गया। 

इनपुट- सिकंदर खान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।