Friday, March 06, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बीजापुर में सुरक्षाबलों ने बरामद की बारूदी सुरंग, सुमका से चार नक्सली गिरफ्तार

बीजापुर में सुरक्षाबलों ने बरामद की बारूदी सुरंग, सुमका से चार नक्सली गिरफ्तार

Edited By: Amar Deep Published : Aug 30, 2025 11:38 pm IST, Updated : Aug 30, 2025 11:38 pm IST

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने बारूदी सुरंग बरामद की है। इसे जमीन के नीचे 70 से 80 मीटर लंबे बिजली के तार से जोड़ा गया था। हालांकि सुरक्षाबलों ने इसे नष्ट कर दिया है।

सुरक्षाबलों ने बरामद की बारूदी सुरंग।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE/PTI सुरक्षाबलों ने बरामद की बारूदी सुरंग।

बीजापुर/सुकमा: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग बरामद की। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को सुकमा जिले में एक इनामी नक्सली समेत चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के गोरना से मनकेली गांव के बीच जब सुरक्षाबल के जवान गश्त में थे, तब उन्हें सड़क में बारूदी सुरंग होने की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि दस किलोग्राम आईईडी स्टील के टिफिन में रखा गया था, इसमें ‘कमांड स्विच मैकेनिज्म’ का इस्तेमाल किया गया था। 

जमीन से नीचे जोड़ा था तार

सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए जमीन के नीचे 70 से 80 मीटर लंबे बिजली के तार से टिफिन को जोड़ा गया था। अधिकारियों ने बताया कि बाद में सुरक्षाबलों ने इसे नष्ट कर दिया। बीजापुर सहित बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए माओवादी सड़कों और कच्चे रास्तों के किनारे बारूदी सुरंग लगाते हैं। 

चार नक्सली गिरफ्तार

क्षेत्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। नक्सलियों से विस्फोटक बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि चारों नक्सलियों में से मुचाकी देवा (29) माओवादी संगठन में मिलिशिया कमांडर के रूप में सक्रिय था। उस पर दो लाख रूपये का इनाम है, जबकि तीन अन्य निचले स्तर के माओवादी हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों से पांच-पांच किलोग्राम वजन के दो टिफिन बम, चार डेटोनेटर, चार जिलेटिन रॉड, चार पेंसिल सेल, बिजली के तार और कॉर्डेक्स तार बरामद किया है। 

नारायणपुर में हुई मुठभेड़

इससे पहले नारायणपुर जिले में नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई। ये मुठभेड़ अबूझमाड़ जंगल में हुई। वहीं इस मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद हथियारों में एक टिर्ची असॉल्ट राइफल (TAR) भी शामिल है, जो एक भारतीय असॉल्ट राइफल है। बस्तर इलाके में पहली बार माओवादियों से यह हथियार बरामद किया गया है। (इनपुट- पीटीआई)

 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement