रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके दामाद की गला घोंटकर हत्या कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। महिला और उसके दामाद की सोते समय हत्या कर दी गई। हत्या की इस घटना को किसने अंजाम दिया, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पास के कमरे में सो रही शख्स की पत्नी और उसकी बेटी सुरक्षित मिली हैं। वहीं कुछ बाहरी लोगों से विवाद का मामला भी सामने आया है। ऐसे में पुलिस कई पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सिद्धांत तिवारी ने बताया कि गुरुवार रात को घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा गांव के एक घर में अज्ञात लोगों ने महिला सुकमेत सिदार और उसके दामाद लक्ष्मण सिदार की गला घोंटकर हत्या कर दी। सिद्धांत तिवारी ने बताया कि लक्ष्मण सिदार शादी के बाद से ससुराल में ही रहता था। उसका एक बेटा और दो बेटियां हैं। अधिकारी ने बताया कि पास के ही एक कमरे में लक्ष्मण की पत्नी और बेटी भी सो रही थीं, लेकिन वे सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तब पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सिद्धांत तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि जब दोनों सो रहे थे तब उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ समय पहले लक्ष्मण सिदार परिवार की जमीन का एनटीपीसी ने अधिग्रहण किया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि एनटीपीसी से मिली मुआवजा राशि या संपत्ति का बंटवारा हत्या का कारण तो नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस संदेह के आधार पर मृतक लक्षण सिदार के बेटे और एक पड़ोसी से पूछताछ कर रही है। घरघोड़ा थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरु कर दी गई है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
मद्रास हाईकोर्ट ने विजय को लगाई फटकार, कहा- 'भगदड़ के बाद गायब हो गए, इससे सोच पता चलती है'