1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. अंडा करी बनाने को लेकर पत्नी से हुआ विवाद, नाराज पति ने कर लिया सुसाइड

अंडा करी बनाने को लेकर पत्नी से हुआ विवाद, नाराज पति ने कर लिया सुसाइड

 Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 26, 2025 11:25 pm IST,  Updated : Aug 26, 2025 11:25 pm IST

धमतरी जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अंडा करी बनाने को लेकर विवाद हुआ था।

पत्नी से विवाद के बाद किया सुसाइड।- India TV Hindi
पत्नी से विवाद के बाद किया सुसाइड। Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE IMAGE

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पत्नी के द्वारा अंडा करी बनाने से इनकार करने पर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक उसने पर्व के दौरान पत्नी से अंडा करी बनाने के लिए कहा था, जिसे पत्नी ने इनकार कर दिया। इसके बाद पर नाराज पति ने कथित तौर पर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 

व्रत की वजह से किया इनकार

दरअसल, धमतरी जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरा मामला जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के सांकरा गांव का है। यहां सोमवार को पत्नी से विवाद के बाद टीकू राम सेन (40) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टीकू राम सेन सोमवार को शराब पीने के बाद अंडा लेकर घर पहुंचा। उसने पत्नी से अंडा करी बनाने के लिए कहा। इस पर पत्नी ने सोमवार को कड़ू भात की रस्म और मंगलवार को तीज उपवास होने का हवाला देते हुए अंडा करी बनाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद के बाद टीकू राम सेन ने घर से कुछ ही दूरी पर आंवले के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। 

जांच में जुटी पुलिस

अधिकारियों ने बताया कि जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने इसकी जानकारी उसकी पत्नी को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हरितालिका तीज का निर्जला व्रत रखती हैं, जिसे राज्य में तीजा का पर्व कहा जाता है। इस दौरान ज्यादातर महिलाएं मायके जाती हैं तथा पर्व के एक दिन पहले करेले की सब्जी और चावल खाती हैं, जिसे यहां कड़ू भात की रस्म कहा जाता है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।