1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. NTPC में मजदूर का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

NTPC में मजदूर का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 25, 2023 10:00 pm IST,  Updated : Aug 25, 2023 10:07 pm IST

रायगढ़ में एक मजदूर की लाश मिली है। NTPC प्लांट में मजदूर की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और प्लांट के बाहर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (NTPC) के प्लांट में एक मजदूर की लाश मिली है। पुलिस ने फंदे से लटका मजदूर का शव बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आंशका जताई है कि मजदूर ने आत्महत्या की है, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया है। 

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

जिले के पुसौर थाना के अधिकारियों ने बताया कि लारा क्षेत्र में स्थित एनटीपीसी में गुरुवार शाम को संयंत्र के कोल हैंडलिंग संयंत्र के पानी की टंकी की सीढ़ी पर एक मजदूर का शव फंदे से लटका पाया गया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचने के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 

तीन साल से ठेके के रूप में था कार्यरत

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मजदूर की पहचान कोड़पाली गांव निवासी 28 वर्षीय दानी राम गुप्ता के तौर पर हुई है। वह पिछले तीन साल से ठेके पर मजदूर के रूप में कार्यरत था। उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि मजदूर ने आत्महत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी। 

परिजनों ने प्लांट के बाहर किया विरोध प्रदर्शन

इधर, मजदूर के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि दानी राम गुरुवार शाम 5:00 बजे अपने अन्य साथियों के साथ नाश्ता करने गया था और वह सामान्य था। उन्होंने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने घटना की जांच की मांग को लेकर प्लांट के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।