छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। घरेलू विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्तौल से कथित तौर पर गोली मारकर अपनी दो सालियों की हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात पंडरी पुलिस थाना क्षेत्र के मोवा इलाके में हुई, जिसके बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
बच्चे को लेकर मायके चली गई पत्नी
उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, वर्मा का अपनी पत्नी खिलेश्वरी से घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को झगड़े के बाद, उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके चली गई। बाद में रात 9-9:30 बजे के बीच, वर्मा अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर मोवा बाजार के पास स्थित अपने ससुराल पहुंचा और अपने बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।
एक के माथे तो दूसरी साली की पीठ में लगी गोली
अधिकारी ने बताया कि इस कहासुनी के दौरान, उसकी साली गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेशवरी वर्मा (24) बाहर आईं और उसे समझाने की कोशिश की। उनके दखल से गुस्साए वर्मा ने कथित तौर पर गोली चला दी। अधिकारी ने बताया कि गीतांजलि की माथे में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गेश्वरी की पीठ में गोली लगी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद, आरोपी पुलिस थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर ने बताया कि बाउंसर के तौर पर काम करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि जांच जारी है।
ये भी पढ़ें-
8 शादियां कर चुकी थी युवती, 9वीं बार रचाया ब्याह तो खुली पोल; हैरान करने वाला मामला
शादी से मुकरा प्रेमी, तो शादीशुदा प्रेमिका ने थाने में खा लिया जहर; 4 साल से थी साथ