1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. नवरात्रि में कन्या पूजन के लिए गई बच्ची के साथ हैवानियत, रेप के बाद कर दी हत्या; कार में मिला शव

नवरात्रि में कन्या पूजन के लिए गई बच्ची के साथ हैवानियत, रेप के बाद कर दी हत्या; कार में मिला शव

 Edited By: Amar Deep
 Published : Apr 07, 2025 06:00 pm IST,  Updated : Apr 07, 2025 06:00 pm IST

दुर्ग जिले में नवरात्रि के दिन एक बच्ची का रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची कन्या पूजन के लिए पड़ोस में गई हुई थी। बच्ची का शव एक कार से बरामद किया गया।

कन्या पूजन के लिए गई बच्ची के साथ रेप के बाद मर्डर।- India TV Hindi
कन्या पूजन के लिए गई बच्ची के साथ रेप के बाद मर्डर। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन के लिए गई छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में रविवार को चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन रामनवमी को कन्या पूजन के लिए बच्ची गई हुई थी। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर बच्ची की हत्या कर दी गई। 

कन्या पूजन के लिए गई थी बच्ची

अधिकारियों के अनुसार मोहन नगर थाना क्षेत्र की बच्ची रविवार सुबह लगभग नौ बजे कन्या पूजन के लिए पड़ोस में ही रहने वाली अपनी दादी के घर गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब बच्ची कहीं नहीं मिली तो परिजनों ने मोहन नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस को जब बच्ची के लापता होने की जानकारी मिली तब उसकी खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान बच्ची का शव पड़ोस में ही खड़ी एक कार से बरामद किया गया। 

शरीर पर चोट और खरोंच के निशान

अधिकारियों के मुताबिक बच्ची के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान थे। इस घटना के बाद मोहल्ले के आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। हालांकि पुलिस ने तत्काल आग को बुझा लिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद परिजन और मोहल्ले के लोग शव को लेकर थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जब पुलिस संदिग्धों को थाने से मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी तब लोगों ने वाहन को रोक लिया और उन्हें उनके हवाले करने की मांग करने लगे। 

तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

लोगों को आक्रोशित देखकर पुलिस तीनों को वापस थाने ले गई तथा कुछ देर बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

नवरात्रि पर वेज की जगह भेजी नॉनवेज बिरयानी, रेस्टोरेंट पर जानबूझकर ऐसा करने का आरोप; देखें Video

पिता ने फावड़े से 6 साल के बेटे को काटा, फिर फांसी लगाकर दी जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।