बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में एक दंपति की मौत से सनसनी फैल गई। किराए के मकान में पति ने पहले धारदार हथियार टांगिया से हमला कर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और उसके बाद खुद भी फांसी के फंदे में झूल गया। दोनों की इस मौत की खबर से इलाके के लोग सकते में हैं। मृतक महिला का नाम धनेश्वरी बताया जा रहा है, जबकि मृतक पति का नाम अशोक देवांगन है। महिला के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, उसका शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उनके दो बच्चे एक कमरे में बंद मिले हैं।
घर बंद था, लोगों ने ताला तोड़ा
मृतक अशोक देवांगन सब्जी विक्रेता था और बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और दिनभर घर में बैठा रहता था। आज सुबह से जब एक बाद भी उनके घर का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, जब कोई जवाब नहीं मिला तो सबको फिक्र हुई। लोगों ने घर का ताला तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। अशोक और उसकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन के शव कमरे में पड़े थे। पूरे कमरे में खून फैला था। धनेश्वरी को तेज हथियार से काट डाला गया था, जबकि अशोक के गले में फांसी का फंदा था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। पुलिस अशोक देवांगन के आर्थिक, पारिवारिक और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कमरे में बंद दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है, बच्चों के बयान इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
पुलिस ने पति अशोक देवांगन और धनेश्वरी देवांगन, दोनों पति पत्नी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिससे इस घटना की वजह पता लगाई जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
(बिलासपुर से सिकंदर खान की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
मां ने एसिड पिलाया, बाप ने दबाई गर्दन, बेटे को क्यों दी खौफनाक मौत? बहू ने किया पर्दाफाश