1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. कोरबा: नशे में धुत कार ड्राइवर ने पांच लोगों को रौंदा, दो की मौत और तीन घायल; बाइक को 150 मीटर तक घसीटा

कोरबा: नशे में धुत कार ड्राइवर ने पांच लोगों को रौंदा, दो की मौत और तीन घायल; बाइक को 150 मीटर तक घसीटा

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 04, 2025 10:23 pm IST,  Updated : Jul 04, 2025 10:29 pm IST

कोरबा शहर में कथित तौर पर नशे में धुत कार चालक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में कथित तौर पर शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति द्वारा चलाई जा रही कार ने तीन बाइक और एक साइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। 

कार ने दोपहिया वाहन को 150 मीटर तक घसीटा

अधिकारियों ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात लगभग 10 बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि कथित तौर पर नशे में धुत कार चालक ने आईटीआई चौक से कुछ दूरी पर दो मोटरसाइकिल को टक्कर मारी दी जिसके बाद उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कुछ दूरी पर एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बावजूद राहुल ने कार की रफ्तार धीमी नहीं की, विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी और दोपहिया वाहन को लगभग 150 मीटर तक घसीटता रहा। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल चालक और उस पर सवार बालिका दूर जाकर गिरे। बाइक विपरीत दिशा से आ रही थी। 

दो लोगों की मौत, तीन घायल

पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान मोहम्मद इस्माइल (75) और छोटेलाल सैनी (35) की मौत हो गई और तीन अन्य का उपचार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने कार चालक की जमकर पिटाई कर दी और सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल को भीड़ से बचाया। उन्होंने बताया कि राहुल के हाथ में पहले से फ्रैक्चर था और इसके बावजूद वह नशे में वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर राहुल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।