1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर, हथियारों का जखीरा भी बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर, हथियारों का जखीरा भी बरामद

 Published : Nov 08, 2024 05:48 pm IST,  Updated : Nov 08, 2024 05:55 pm IST

बीजापुर के जंगलों में कई घटों चली मुठभेड़ के बाद दो नक्सली मार गिराए गए। सुरक्षाबलों ने मारे गए नक्सलियों के पास से हथियारों का जखीरा भी बरामद किया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

दो नक्सली ढेर- India TV Hindi
दो नक्सली ढेर Image Source : FILE PHOTO

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि जिले के उसूर-बासागुड़ा-पामेड़ क्षेत्र के जंगल में नक्सिलियों के साथ मुठभेड़ हुई। कई घंटों की मुठभेड़ के बाद दो नक्सली मारे गए। 

DRG और CRPF के जवान हुए शामिल

सुंदरराज ने बताया कि जिले के उसूर-बासागुड़ा-पामेड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए भेजा गया था। उन्होंने बताया कि इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। 

लोडिंग राइफल, हथगोला और कई अन्य हथियार बरामद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दल जब आज पूर्वाह्र 11 बजे क्षेत्र में था तब माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), हथगोला और स्थानीय रूप से निर्मित हथियार बरामद किए गए। 

अब तक 191 नक्सली मार गिराए गए

सुंदरराज ने कहा कि इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना के साथ ही छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग मुठभेड़ों में 191 नक्सलियों को मार गिराया है। इससे पहले, चार अक्टूबर को सुरक्षाबलों ने क्षेत्र के नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर स्थित एक जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद 31 नक्सलियों के शव बरामद किए थे।

भाषा इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।