1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, दो नक्सलियों को मार गिराया

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, दो नक्सलियों को मार गिराया

 Published : Sep 24, 2024 06:25 pm IST,  Updated : Sep 24, 2024 06:29 pm IST

पुलिस ने दावा किया कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए और उनके सहयोगी उनके शव ले जाने में कामयाब रहे।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

सुकमाः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक एनकाउंटर में दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चिंतलनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिंतावागू नदी के किनारे जंगल में हुई मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया गया। इनके पास से अवैध हथियार भी मिले हैं।

नक्सली अपने साथियों का शव लेने जाने में सफल रहे

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को चिंतलनार थाना और मुकरम गांव स्थित शिविर से जिला बल, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को करकनगुड़ा और करीब के गांव में नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान चिंतावागू नदी के किनारे सुरक्षाबलों और नक्सलियों बीच बीती रात से सुबह तक मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि चिंतावागू नदी में पानी की अधिकता होने और नक्सलियों की ओर से लगातार गोलीबारी होने के कारण नक्सली अपने साथियों के शव ले जाने में सफल रहे।

मौके से बरामद की गई ये चीजें

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नक्सलियों की छोड़ी हुई सामाग्रियों को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल सुरक्षित शिविर में लौट आये और क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है। सोमवार को क्षेत्र के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली समेत तीन नक्सलियों को मार गिराया था।

इस साल मारे गए 150 से ज्यादा नक्सली

 बता दें कि सोमवार को नारायणपुर जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। इस साल अब तक बस्तर क्षेत्र सहित सात जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद सुरक्षा बलों ने 157 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।