रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस की सजावट को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह घटना बुधवार को हुई, जब राज्य में हिंदू संगठनों द्वारा बुलाए गए एक दिन के 'छत्तीसगढ़ बंद' के दौरान कुछ लोग मॉल में घुस आए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को मैग्नेटो मॉल में कुछ अज्ञात लोगों ने क्रिसमस की सजावट में तोड़फोड़ की। CCTV फुटेज में मॉल के अंदर लाठी लिए एक समूह को संपत्ति को नुकसान पहुंचाते देखा गया है।
Related Stories
'कुछ आरोपियों की पहचान हुई है
रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया, 'मॉल स्टाफ की शिकायत पर 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी कि BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में चोट पहुंचाना, गैरकानूनी सभा बनाना, दंगा करना और शरारत करना शामिल है।' उन्होंने कहा कि कुछ आरोपियों की पहचान हो गई है और उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। SSP ने बताया कि गवाहों और संदिग्धों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मॉल प्रबंधन ने कहा कि 40-50 लोगों का एक ग्रुप आया था जो कि बहुत आक्रामक और हिंसक था। उन्होंने कहा कि वे लाठी और हॉकी स्टिक लेकर मॉल के अंदर दौड़ रहे थे।
आधिकारिक तौर पर बंद था मॉल
बता दें कि यह घटना तब हुई जब मॉल 'बंद' का समर्थन करते हुए आधिकारिक तौर पर बंद था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो गए। इनमें उपद्रवी नारे लगाते हुए मॉल के अंदर और बाहर क्रिसमस के मौके पर हुई सजावट को नुकसान पहुंचाते दिख रहे हैं, जिसमें क्रिसमस ट्री भी शामिल है। यह एक दिन का बंद हाल में कांकेर जिले में एक ईसाई परिवार के व्यक्ति की दफनाने को लेकर हुए झड़प के बाद बुलाया गया था। पूरे छत्तीसगढ़ में बंद का मिला-जुला असर रहा। कुछ शहरों में सामान्य जीवन पूरी तरह ठप हो गया, जबकि अन्य जगहों पर सिर्फ आंशिक प्रभाव पड़ा।