1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, कई पुलिसकर्मी घायल

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, कई पुलिसकर्मी घायल

 Published : Dec 03, 2025 03:57 pm IST,  Updated : Dec 03, 2025 04:33 pm IST

अंबिकापुर में ग्रामीण अमेरा कोयला खदान के विस्तार का विरोध कर रहे थे। इस विरोध को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था। ग्रामीणों ने अचानक पुलिस पर हमला कर दिया। कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।

Chattisgarh- India TV Hindi
अंबिकापुर में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प Image Source : REPORTER INPUT

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ग्रामीणों और पुलिसवालों के बीच हिंसक झड़प की खबर है। इस झड़प में एएसपी समेत करीब दो दर्जन पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पथराव कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। यहां के ग्रामीण SECL के अमेरा कोयला खदान के विस्तार का विरोध कर रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

ग्रामीणों के विरोध की आशंका के मद्देनजर वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। ग्रामीणों की भीड़ ने अचानक वहां तैनात पुलिस वालों पर हमला बोल दिया और पुलिसवालों पर पथराव शुरू कर दिया। गांववाले लाठी-डंडे कुल्हाड़ी भी लेकर आए थे।हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम परसोडी कला के ग्रामीण खदान विस्तार विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि बगैर भूमि अधिग्रहण किए SECL के अमेरा कोल खदान का विस्तार किया जा रहा है। ग्रामीण इसी बात का विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। ग्रामीणों के हमले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी,थाना प्रभारी सहित दो दर्जन पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।

सरगुजा के अपर कलेक्टर ने क्या कहा?

सरगुजा के अपर कलेक्टर सुनील नायक ने बताया कि 2016 में भू-अर्जन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है इसलिए हमलोग ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि वो एसईसीएल को काम करने दें और अगर अपनी बात रखनी है तो नियमों के मुताबिक रखें। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के हमले में कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट-सिकंदर खान, अंबिकापुर

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।