1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. 'भूपेश बघेल अगर निर्दोष हैं तो उन्हें जांच से डरना नहीं चाहिए', EOW की FIR पर बोले सीएम विष्णुदेव साय

'भूपेश बघेल अगर निर्दोष हैं तो उन्हें जांच से डरना नहीं चाहिए', EOW की FIR पर बोले सीएम विष्णुदेव साय

 Published : Mar 21, 2024 11:51 pm IST,  Updated : Mar 22, 2024 06:27 am IST

साय सरकार ने बृहस्पतिवार को अपने 100 दिन पूरे कर लिए। साय ने पिछले तीन महीनों में अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों और शुरू की गई योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय - India TV Hindi
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय Image Source : FILE-PTI

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बृहस्पतिवार को कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अगर निर्दोष हैं तो उन्हें कथित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप घोटाले में जांच से डरना नहीं चाहिए। एक इंटरव्यू में साय ने विश्वास जताया कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में सभी 11 लोकसभा सीटें जीतेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अति आत्मविश्वास में नहीं है और अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं मानती।

नक्सलियों को दिया कड़ा संदेश

एक सवाल के जवाब में राज्य में माओवादियों को कड़ा संदेश देते हुए साय ने कहा कि यदि नक्सली राज्य में गोलियों की भाषा बोलते रहे तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। साय सरकार ने बृहस्पतिवार को अपने 100 दिन पूरे कर लिए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आरोप कि उन्हें महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप घोटाले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है। इस पर साय ने कहा, ''यदि वह निर्दोष हैं तो उन्हें किसी भी तरह की जांच से डरना नहीं चाहिए। अगर वह दोषी नहीं हैं तो उन्हें बड़प्पन दिखाना चाहिए और कहना चाहिए कि उनके खिलाफ देश में उच्च से उच्च स्तर की जांच हो। 

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटाले पर कही ये बात

इस महीने की शुरुआत में राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा प्रस्तुत एक जांच रिपोर्ट के आधार पर कथित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटाले में बघेल और 18 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। ईडी इस कथित घोटाले में धन शोधन की जांच कर रहा है। कांग्रेस के इस आरोप पर कि बघेल के खिलाफ षड़यंत्र किया जा रहा है, मुख्यमंत्री ने कहा, ''एक आरोपी कभी भी अपना अपराध स्वीकार नहीं करता। 

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई

राजनीतिक सवालों के अलावा 60 वर्षीय साय ने पिछले तीन महीनों में अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों और शुरू की गई योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ''मैंने बुधवार को बस्तर क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए अभियान शुरू किया है। नारायणपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ भाजपा के लिए भारी समर्थन प्रदर्शित करती है। साय ने दावा किया, ''महतारी वंदन योजना (महिलाओं के लिए मासिक वित्तीय सहायता) से महिलाएं बहुत खुश हैं, किसानों को पिछले तीन महीनों में दो बार पैसा दिया गया (दो साल के लिए लंबित बोनस और खरीफ विपणन सीजन 2023-24 के लिए इनपुट सहायता)।

युवा राज्य लोक सेवा आयोग में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने के फैसले से खुश हैं। राज्य में हर वर्ग खुश है। राज्य सरकार का यह कार्य सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने में मदद करेंगे।'' कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं क्योंकि उनके नेता चुनाव लड़ने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''राज्य के लोगों ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को पांच साल (2018-2023) मौका देकर देख लिया है।

कांग्रेस पर बोला हमला

पिछली सरकार के दौरान कांग्रेस द्वारा किये गये 36 वादों में से एक भी पूरा नहीं किया गया। पार्टी ने लोगों के बीच अपना विश्वास खो दिया है। हालत यह है कि कांग्रेस को (लोकसभा के लिए) उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। पहले चरण के लिए नामांकन बुधवार को शुरू हो गया लेकिन अभी तक (बस्तर सीट के लिए) उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। पार्टी का कोई भी नेता चुनाव लड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। पूरे देश में कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

राज्य की 11 लोकसभा सीटों में से अकेले बस्तर में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। छत्तीसगढ़ की 11 सीटों के लिए लोकसभा चुनाव तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को होंगे। चार जून को वोटों की गिनती होगी। कांग्रेस ने अब तक छह सीटों पर जबकि भाजपा ने सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव सहित कुछ सीटों पर भाजपा को मिलने वाली चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर साय ने कहा, ''हम हर सीट को कठिन सीट मानते हैं। हम अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं मानते और हम हर सीट पर मजबूती से लड़ेंगे और उन्हें जीतेंगे.

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।