1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. सौतेली बेटी के सामने पति ने पत्नी को चाकू से गोदा, बस स्टैंड पर हुए मर्डर से मची सनसनी

सौतेली बेटी के सामने पति ने पत्नी को चाकू से गोदा, बस स्टैंड पर हुए मर्डर से मची सनसनी

 Published : Sep 23, 2025 10:29 am IST,  Updated : Sep 23, 2025 10:29 am IST

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के सुंकदकट्टे बस स्टैंड पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी रेखा की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उसकी 13 साल की बेटी के सामने हुई। दोनों की शादी को तीन महीने ही हुए थे।

Bengaluru murder, wife stabbed at bus stand- India TV Hindi
बस स्टैंड पर दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु के सुंकदकट्टे बस स्टैंड पर 32 साल की रेखा नाम की महिला को उसके पति लोहिताश्व ने चाकू गोदकर मार डाला। यह खौफनाक घटना सोमवार सुबह सबके सामने हुई, जब रेखा अपनी 13 साल की बेटी के साथ बस स्टैंड पर थी। उनकी बेटी इस हादसे की चश्मदीद गवाह है। पुलिस के मुताबिक, रेखा और 35 साल के लोहिताश्व की शादी को अभी सिर्फ 3 महीने हुए थे। यह दोनों की दूसरी शादी थी। रेखा एक कॉल सेंटर में काम करती थी, जबकि लोहिताश्व कैब ड्राइवर था।

डेढ़ साल पहले हुई थी मुलाकात

दोनों की मुलाकात करीब 1.5 साल पहले दोस्तों के जरिए हुई थी, जिसके बाद उन्होंने शादी का फैसला किया। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे। पुलिस को शक है कि इसी कलह की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, रेखा और लोहिताश्व सुंकदकट्टे के पास एक किराए के मकान में रहते थे। रेखा की पहली शादी से उनकी 2 बेटियां थीं। उनकी बड़ी बेटी उनके साथ रहती थी, जबकि छोटी बेटी रेखा के माता-पिता के पास रहती थी।

वारदात वाले दिन क्या हुआ था?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वारदात वाले दिन रेखा और लोहिताश्व के बीच फिर से तीखी बहस हुई। गुस्से में रेखा अपनी 13 साल की बेटी के साथ घर से निकलकर बस स्टैंड पहुंची। लोहिताश्व उनका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और फिर से झगड़ा शुरू कर दिया। जब रेखा की बेटी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो लोहिताश्व ने चाकू निकाला और रेखा के सीने और पेट में कई बार वार किए। रेखा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

'लोगों ने की कोशिश, लेकिन...'

आसपास मौजूद लोगों ने लोहिताश्व को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने चाकू लहराकर सबको डरा दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि रेखा की बेटी ने यह पूरा हादसा अपनी आंखों से देखा। कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन में कत्ल का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लोहिताश्व की तलाश में जुट गई है, जो अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।