गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले से दिल को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां कैंसर से पीड़ित 40 वर्षीय व्यक्ति ने अपने दो नाबालिग बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला और फिर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बच्चों के भविष्य की थी चिंता
कल्याणपुर थाने के निरीक्षक टीसी पटेल ने बताया कि घटना सोमवार शाम लांबा गांव में हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'मेरामन छेत्रिया नामक व्यक्ति पिछले पांच साल से कैंसर से पीड़ित था और अपनी मौत को करीब से देख रहा था इसलिए उसने अपनी जान देने का फैसला किया। वह हमेशा इस बात को लेकर चिंतित रहता था कि उसकी मौत के बाद उसके बच्चों का भविष्य क्या होगा।’
बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर की हत्या
पुलिस अधिकारी पटेल ने कहा कि छेत्रिया ने गांव में अपने घर पर पहले पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे को जहरीला पदार्थ दिया और फिर खुद भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
कोशिकाओं के जीन में बदलाव से शुरू होता है कैंसर
बता दें कि कैंसर शरीर की सामान्य कोशिकाओं के जीन में बदलाव से शुरू होता है, जिससे कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं। यह ट्यूमर (गांठ) का रूप ले सकता है, जो बिनाइन (अहानिकारक) या मैलिग्नेंट (घातक) हो सकता है। घातक ट्यूमर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल जाता है, जिसे मेटास्टेसिस कहते हैं। भारत में फेफड़े, स्तन, मुंह, गर्भाशय ग्रीवा और पेट का कैंसर सबसे आम बात है। (भाषा के इनपुट के साथ)