देवास जिले के हरणगांव थाना क्षेत्र की खिवनी निवासी 18 वर्षीय सुनीता का शव सोमवार को गांव के पास स्थित तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के शव से करीब 20-20 किलो वजनी दो पत्थर बंधे होने की बात सामने आई है। वहीं परिजनों ने उसके बाल जले हुए होने का भी दावा किया है। घटना के बाद मृतका के पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पति का फोन आया- ‘सुनीता भाग रही है’
मृतका के पिता श्यामसिंह बारेला निवासी चंदपुरा ने बताया कि उनकी बेटी करीब 6 दिन से लापता थी। उन्होंने बताया कि घटना से पहले सुनीता के पति जबर सिंह बारेला का फोन आया था। जबर सिंह ने फोन पर कहा कि उनकी बेटी यहां से भागकर जा रही है। इस पर उन्होंने सुबह आकर बात करने की बात कही। पिता के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद जबर सिंह ने दोबारा फोन कर बताया कि सुनीता भाग गई है।
हत्या कर शव तालाब में फेंकने का शक
इसके बाद से परिजन पिछले 6 दिनों से सुनीता की तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह गांव के पास तालाब में उसका शव मिला। परिजनों का आरोप है कि शव जिस अवस्था में मिला और शरीर से भारी पत्थर बंधे होने की बात सामने आई है, उससे उन्हें हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने का संदेह है।
5 महीने पहले की थी लव मैरिज
परिजनों के अनुसार, सुनीता और जबरसिंह बारेला ने करीब 5 महीने पहले प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद ही सुनीता के लापता होने और अब उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसरा है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगा मौत का सच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सुनीता की मौत कैसे हुई और उसकी मृत्यु के पीछे क्या कारण थे। परिजनों ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तालाब में पानी कम हुआ तो दिखने लगे हाथ-पैर
इस संबंध में हरणगांव थाना प्रभारी अभिषेक सेंगर ने बताया कि गांव के पास वन विभाग में बने छोटे तालाब में सुनीता का शव मिला। उसके शव में पत्थर बंधे हुए थे। तालाब में पानी कम हुआ तो उसके हाथ पैर दिखने पर मामला सामने आया है। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इससे दो दिन पहले छतरपुर के लवकुश नगर में सनकी प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका के 2 बच्चों का अपहरण कर हत्या कर दी। दो दिन से लापता दो मासूम भाइयों के शव एक कुएं में तैरते हुए मिले।
(रिपोर्ट- अरविंद चौकसी)
यह भी पढ़ें-
पत्नी के सिर पर रॉड मारकर हत्या, पति को हुई उम्रकैद की सजा, मोबाइल चलाने को लेकर हुआ था विवाद
'होटल में मिलो, तुम अच्छी लगती हो', पटवारी पर घिनौनी करतूत का आरोप; डर्टी WhatsApp चैट आई सामने