कुड्डालोर: जिले के पनरुति में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने नशे की हालत में 80 साल की बुजुर्ग महिला का यौन उत्पीड़न किया। बताया जा रहा है कि आरोपी दो दिन पहले ही चोरी के मामले में जेल से छूटा था। इसके बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी और गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गांव के बाहर टहल रही थी महिला
कुड्डालोर के एसपी एस जयकुमार ने बताया कि 80 वर्षीय महिला सोमवार शाम को अपने गांव के बाहर टहल रही थी। इसी बीच आरोपी शराब के नशे में वहां पहुंचा और महिला का यौन उत्पीड़न किया। आरोपी की पहचान पड़ोसी गांव के रहने वाले सुंदरवेल के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चार टीमों का गठन किया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सुंदरवेल गांव में छिपा हुआ है। एसपी ने बताया, "जब पुलिस ने सुंदरवेल को पकड़ने की कोशिश की तो उसने कांस्टेबल कुबेंद्रन पर हमला कर दिया और उसके हाथ पर चोट पहुंचाई। निरीक्षक वेलुमणि ने तुरंत संदिग्ध के घुटने के नीचे एक गोली चलाई और उसे पकड़ लिया।"
दो दिन पहले रिहा हुआ था आरोपी
फिलहाल आरोपी और घायल कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है। वहीं पीड़िता को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी के मुताबिक आरोपी को दो दिन पहले चोरी के मामले में जेल से रिहा किया गया था। विपक्ष ने इस घटना के बाद सरकार पर निशाना साधा है। विपक्ष का कहना है कि द्रमुक सरकार में बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। इसके अलावा पलानीस्वामी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "ऐसी घटनाएं पूरे तमिलनाडु में हो रही हैं और लोगों को इस बात की जरा सी भी उम्मीद नहीं है कि कठपुतली मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, जो गहरी नींद में हैं, मादक पदार्थों के उन्मूलन या कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई कार्रवाई करेंगे।" (इनपुट- पीटीआई)