उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी की पूजा कॉलोनी में 23 जून 2026 को जाकिर का शव फंदे से लटक रहा था और उसकी प्रेमिका किरण चीख रही थी। जाकिर के गले में एक गमछे का फंदा कसा हुआ था और वह जमीन पर गिरा था। उसके पड़ोस में रहने वाली किरण उसके घर में मौजूद थी और चीख रही थी। किरण ने रोते हुए लोगों को बताया कि जाकिर ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। किरण के साथ साथ उसकी बहन कशिश भी वहां मौजूद थी। किरण ने पहले ही जाकिर के भाई को भी फोन पर बता दिया कि उसने खुदकुशी कर ली है।
खुदकुशी नहीं, हत्या का खुलासा
आनन फानन में किरण ने एक ऑटो वाले को बुलाया और जाकिर की बॉडी लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बताया कि जाकिर मर चुका है। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और तुरंत ही पुलिस भी पहुंच गई और जाकिर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। लोगों को यही लगा कि जाकिर ने खुदकुशी कर ली है। जब जाकिर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो कुछ और ही मामला सामने आया और जानकर लोग अचंभित रह गए।
जाकिर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसकी मौत गला दबाने से हुई है। इसके साथ ही उसके सिर पर चोट के निशान भी मिले। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला और शक के आधार पर जब किरण और कशिश से सख्ती से पूछताछ की तो दोनों बहनों की बताई गई कहानी अलग-अलग मिली। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो कशिश ने सारा कुछ उगल दिया। कशिश बताया कि दोनों बहनों ने मिलकर जाकिर की हत्या कर दी है। इसके बाद किरण ने भी गुनाह कबूल कर लिया।
जाकिर और किरण की प्रेम कहानी
जाकिर शादीशुदा था, उसकी बीवी और बच्चे रामपुर उसके घर पर रहते है। वहीं, किरण के भी तीन बच्चे हैं, जिनमें नौ और 11 साल के दो बेटे और 13 साल की एक बेटी है। किरण पति को छोड़ जाकिर के प्यार में पड़ गई। जाकिर ने अपने पड़ोस में ही किरण को किराए का एक कमरा दिलाया था। दोनों साथ रहते थे, किरण ने पुलिस को बताया कि जाकिर उसकी बेटी को गंदी नजर से देखता था, उसके बाद वह उसकी बेटी को गलत तरीके से छूने लगा था, जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ। जाकिर की ज्यादती जब बढ़ने लगी तो किरण ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई।
किरण ने अपनी छोटी बहन कशिश को अपने घर बुलाया और हत्या का प्लान समझाया। कत्ल के लिए दोनों बहनों ने यूट्यूब पर कई क्राइम सीन देखे। हत्या को खुदकुशी कैसे दिखाना है, इसका पुख्ता प्लान बनाया और जाकिर के कत्ल के लिए दोनों बहनों ने तारीख चुनी 23 जून।
किरण और कशिश ने बनाया मर्डर प्लान
किरण और कशिश का प्लान था कि जाकिर के कत्ल के बाद दोनों बहनें गांव भाग जाएंगी। किरण ने जाकिर के मोबाइल से कैब बुक की और बच्चों से कहा कि बाहर घूमने जा रहे हैं। कैब आने पर किरण ने बच्चों को बाहर भेजा और कार में बैठने को कहा। जैसे ही बच्चे बाहर गए, किरण ने जाकिर के सिर पर डंडे से जोर से हमला किया। जाकिर गिर पड़ा, फिर दोनों बहनों ने जल्दी से गमछे का फंदा बनाकर उसके गले में कस दिया। उन्होंने उसे पंखे से लटकाना चाहा, लेकिन उसका वजन ज्यादा होने के कारण ऐसा नहीं कर पाई। खुदकुशी दिखाने के लिए दोनों ने पंखे के ब्लेड नीचे की तरफ मोड़ दिए, ताकि लगे कि जाकिर पंखे से लटकने के बाद नीचे गिर पड़ा।
सब कुछ प्लान के मुताबिक होने के बाद, किरण ने चीखना शुरू कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि जाकिर ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी है। हालांकि, दोनों बहनों की ये साजिश पुलिस के सामने ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई और उनका प्लान फेल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।