Sunday, February 22, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बिन ब्याही मां बनने पर पिता-चाचा ने की युवती की हत्या, प्रेमी ने नवजात को पुल के नीचे फेंका

बिन ब्याही मां बनने पर पिता-चाचा ने की युवती की हत्या, प्रेमी ने नवजात को पुल के नीचे फेंका

Edited By: Amar Deep @amardeepmau Published : Feb 22, 2026 11:46 pm IST, Updated : Feb 22, 2026 11:46 pm IST

बिहार के मधेपुरा में पुलिस ने एक युवती की हत्या के मामले में उसके पिता-चाचा और प्रेमी को गिरफ्तार किया है। बिना शादी के ही मां बनने की जानकारी मिलने के बाद पिता और चाचा ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

पिता-चाचा और प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पिता-चाचा और प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

मधेपुरा: जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पीपरा करौती में 10 दिनों से उलझी 20 वर्षीय युवती की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला 'ऑनर किलिंग' का निकला, जिसमें युवती के सगे पिता और चाचा ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में युवती के पिता, चाचा और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक 13 फरवरी की रात 3 बजे युवती को उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। 

गला घोंटकर की युवती की हत्या

प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। यहीं से हत्या और साजिश का खेल शुरू हुआ। युवती के पिता और चाचा ने एंबुलेंस के बजाय अपने निजी वाहन से मधेपुरा ले जाने की बात कही। वे उसे मधेपुरा ले जाने के बजाय घर ले गए, जहां लोक-लाज के डर से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को अंतिम संस्कार के लिए भागलपुर के महादेवपुर गंगा घाट ले जा रहे थे। तभी स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने नवगछिया के पास से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

पुलिस ने जब पूछताछ की तो आरोपी पिता ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने खुद को बचाने के लिए बेटी के प्रेमी रिशु कुमार के खिलाफ यौन शोषण और धोखा देने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करा दी। पिता ने दावा किया कि उन्हें बेटी के गर्भवती होने की भनक तक नहीं थी। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जब वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली, तो कहानी पलट गई। पुलिस ने सबसे पहले 20 फरवरी को प्रेमी रिशु राज उर्फ हेमराज कुमार को गिरफ्तार किया। 

प्रेमी ने कर दिया खुलासा

प्रेमी ने खुलासा किया कि युवती के परिजनों ने ही उसकी हत्या की है। साथ ही, उसने स्वीकार किया कि उसने ही नवजात बच्ची को एक लाल-पीले रंग के थैले में भरकर एनएच-106 स्थित पुल के नीचे फेंक दिया था। प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने रेशना के पास पुल के नीचे से वह थैला बरामद किया। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर पिता और चाचा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने अब तक इस मामले में तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं। (इनपुट- मनीष कुमार)

यह भी पढ़ें-

60 साल के स्कूल मैनेजर को 28 की टीचर से हुआ प्यार, नेपाल भागकर रचा ली शादी; गांव में तनाव

Latest Crime News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement