1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ की तस्करी के आरोप में 4 लोग गिरफ्तार

दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ की तस्करी के आरोप में 4 लोग गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 19, 2021 04:58 pm IST,  Updated : Mar 19, 2021 04:58 pm IST

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Red Sand Boa, Red Sand Boa snake, Red Sand Boa Snake Price, Red Sand Boa Price- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। Image Source : TWITTER/ @WCCBHQ

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने इस सांप को 10 लाख रुपये में खरीदा था और उसे 30 लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे थे। रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पुराना राजेंद्र नगर में पुलिस ने रेड सैंड बोआ सांप की तस्करी करने के आरोप में केरल निवासी किरन आरपी (31), राज किरन (28), रिनु बी (27) और सानिल (33) को गिरफ्तार किया है।

‘ड्रम से दुर्लभ सांप को किया बरामद’

मामले के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिले के सायबर सेल को सूचना मिली थी कि पुराना राजेन्द्र नगर स्थित एक मकान में कुछ व्यक्ति दुर्लभ प्रजाति का सांप लेकर आए हैं। सूचना में बताया गया था कि ये सभी दुर्लभ प्रजाति के सांप को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करके पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया और वहां एक ड्रम से रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी दी कि उन्होंने सांप को आंध्र प्रदेश के चित्तूर से 10 लाख रुपए में खरीदा था तथा 30 लाख रुपए में उसे बेचने की कोशिश कर रहे थे।

दोमुंहा सांप के नाम से भी जाना जाता है
बता दें कि रेड सैंड बोआ सांप को दोमुंहा सांप के नाम से भी जाना जाता है और यह काफी दुर्लभ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सांप की कीमत है करोड़ों रुपए में बताई जाती है। उन्होंने बताया कि केरल निवासी सभी आरोपी पुराना राजेंद्र नगर इलाके में किराए के मकान में रहते हैं तथा मकानों में पेंट लगाने का काम करते हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ को वन विभाग को सौंपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।