1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. वाराणसी में गैंगरेप, 9 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी, पीड़िता की मां ने बात करने से किया इनकार

वाराणसी में गैंगरेप, 9 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी, पीड़िता की मां ने बात करने से किया इनकार

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 09, 2025 03:33 pm IST,  Updated : Apr 09, 2025 03:33 pm IST

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक 19 वर्षीय महिला संग कथित रूप से गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस मामले में 23 में से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Gangrape in Varanasi 9 accused arrested victim mother refuses to talk- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

शहर के लालपुर पांडेयपुर इलाके में 19 वर्षीय एक युवती के साथ कथित रूप से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अभी तक 23 में से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी को रिमांड पर भेज दिया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त विदुश सक्सेना ने बताया कि लालपुर पांडेयपुर इलाके में एक युवती के साथ कथित रूप से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अभी तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी को रिमांड पर भेज दिया है। 

पीड़िता की मां ने बात करने से किया इनकार

सक्सेना ने बताया कि पीड़ित युवती ठीक है और पुलिस लगातार उसके परिवार से संपर्क बनाये हुए है। जब पीटीआई संवाददाता ने पीड़िता की मां को फोन लगाया तो उन्होंने कुछ भी बात करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि युवती कुछ युवकों के साथ 29 मार्च को कहीं गई थी और जब वह घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों ने चार अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जब पुलिस ने युवती को बरामद किया तब उसने दुष्कर्म के बारे में नहीं बताया। युवती के परिवार ने छह अप्रैल को एक शिकायत दर्ज कराई जिसमें युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। 

12 युवकों ने पीड़िता के साथ किया दुष्कर्म

इस मामले में 12 नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि नामजद आरोपियों की पहचान राज विश्वकर्मा, समीर, आयुष, सोहैल, दानिश, अनमोल, साजिद, जहीर, इमरान, जैब, अमन और राज खान के रूप में की गई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के हवाले से बताया कि 29 मार्च से चार अप्रैल के बीच ये आरोपी उसे कई होटलों और हुक्का बार में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी 29 मार्च को अपने दोस्त के घर गई थी।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।