उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार सुबह 25 वर्षीय युवक मोहित की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना तड़के करीब 3 बजे हुई। पड़ोस में रहने वाले गौरव, देव, हरि और अन्य दोस्तों पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर इलाके की है। हत्या से नाराज परिजनों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की है।
गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में मोहित नामक युवक की तेज धार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई है। युवक की हत्या के बाद परिजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया। युवक की हत्या के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और रोड जाम होने के बाद लोगों को समझाने में जुटी हुई है।
कुछ दिन पहले हुआ था विवाद
युवक की हत्या के बाद परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए फांसी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि इनके बीच पहले से विवाद चल रहा था और कुछ दिनों पहले भी विवाद हुआ था। विवाद होने के बाद इनका आपस में फैसला हो गया था। लेकिन बर्थडे पार्टी करने के बहाने मोहित को बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस का बयान
पुलिस की तरफ से बताया गया कि दो जुलाई को सुबह 3:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के न्यू शांतिनगर एरिया में 112 पर एक सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोहित शर्मा को कुछ व्यक्तियों ने चाकू मार दिया है। इस सूचना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम के द्वारा वहां पहुंचकर घायल व्यक्ति को इलाज हेतु एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। एमएमजी अस्पताल में डॉक्टरों के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।
नशे की हालत में भड़का विवाद
शुरुआती जांच में यह पता चला कि मोहित शर्मा के बाकी दोस्तों के साथ उसके साथ पहले भी लड़ाई हुई थी। बुधवार रात को पार्टी के दौरान नशे की हालत में मृतक और आरोपियों के बीच दोबारा विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मोहित को चाकू मार दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है। अभियुक्तगणों को हिरासत में ले लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
(गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
बरेली में बाप-बेटे और महिला की ठगी गैंग बेनकाब, नकली सोने से सुनारों को लगाते थे लाखों की चपत