1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. गुरुग्राम: सोसाइटी में 16 साल के लड़के ने कर दिया कांड, पहले बच्ची की हत्या की, फिर शव को लगाई आग

गुरुग्राम: सोसाइटी में 16 साल के लड़के ने कर दिया कांड, पहले बच्ची की हत्या की, फिर शव को लगाई आग

 Published : Jul 01, 2024 11:54 pm IST,  Updated : Jul 02, 2024 06:15 am IST

गुरुग्राम की एक सोसाइटी से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 16 साल के लड़के ने न केवल बच्ची की हत्या कर दी बल्कि उसके शव को आग के हवाले कर दिया।

Gurugram- India TV Hindi
बच्ची की हत्या Image Source : REPRESENTATIVE PIC

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम की एक हाउसिंग सोसाइटी में सोमवार को 16 साल के लड़के ने पड़ोस में रह रही 9 साल की लड़की की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में उसके शव को आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़की ने आरोपी को उसके फ्लैट से आभूषण चुराते समय रंग हाथों पकड़ लिया था, इसलिए उसने इस कृत्य को अंजाम दिया। 

क्या है मामला?

पुलिस ने बताया कि लड़की और आरोपी दोनों के परिवार गुरुग्राम के सेक्टर 107 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोलेरा के दो अलग-अलग टावर में रहते हैं और उनके बीच अच्छे संबंध थे। उसने बताया कि जब आरोपी ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे कथित तौर पर लड़की के घर से चोरी की थी तो उस दौरान लड़की की मां आरोपी के घर पर थी।

लड़की चौथी कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी दसवीं कक्षा का छात्र है, हालांकि पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले दावा किया था कि दो चोर घर में घुस आए थे और उन्होंने लड़की की हत्या की थी, लेकिन बाद में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की। 

उसने बताया कि आरोपी ने जुर्म कबूलने के दौरान बताया कि उसने 20,000 रुपये का कर्ज चुकाने के लिए आभूषण चुराए थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में राजेंद्र पार्क थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। (इनपुट: भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।