हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस ने वारदात के करीब 39 घंटे बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हरियाणा से की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय आशीष एहलावत निवासी झज्जर और 25 वर्षीय दीपक निवासी रोहतक के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पेशेवर शूटर बताए जा रहे हैं। आरोपियों से हत्या के इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
हरियाणा की गाड़ी और हिमाचल का नंबर
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए हरियाणा की एक स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया गया था, जिस पर हिमाचल प्रदेश का HP-10 नंबर लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वहीं, जांच के तहत पुलिस मनीषा मित्तल के भाई और पति से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी किए जाने के बाद आरोपियों को हरियाणा से हिमाचल प्रदेश लाया जाएगा। दोनों आरोपियों को मंगलवार को जिला अदालत शिमला में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने क्या बताया?
इस पूरी वारदात को लेकर पुलिस ने बताया- "दिनांक 13.06.2026 को शाम को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिमला स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के समक्ष दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए व्यापक स्तर पर जांच प्रारंभ की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से विभिन्न भौतिक एवं जैविक साक्ष्य एकत्रित किए।"
कैसे हुई आरोपियों की पहचान?
पुलिस के अनुसार- "मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के विभिन्न पहलुओं के विश्लेषण हेतु जिला शिमला पुलिस द्वारा विभिन्न दिशाओं में एक साथ जांच को आगे बढ़ाने हेतु कई विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अतिरिक्त बाहरी राज्यों जैसे हरियाणा सहित अन्य संभावित स्थानों पर रवाना किया गया। पुलिस की विशेष खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय करते हुए लगातार सूचनाएं एकत्रित की गईं तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए, इलेक्ट्रॉनिक डाटा , सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया तथा डिजिटल साक्ष्यों का भी परीक्षण किया गया। जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी जो हरियाणा राज्य से है, एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला आए थे।" (रिपोर्ट: कपिल ठाकुर)
ये भी पढ़ें- 'तुम्हारी बेटी को मार दिया है, जो करना है कर लो', बेंगलुरु में मर्डर के बाद आरोपी ने फोन करके दी धमकी