तेलंगाना: हैदराबाद शहर के मल्काजगिरि इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक प्लंबर ने महिला मजदूर की हत्या कर उसके शव को रसोई के फर्श के नीचे ईंटों से चुनकर छिपा दिया और फरार हो गया। 5 महीने तक यह राज दफन रहा, लेकिन जब घर से बदबू आने लगी और मकान मालिक ने दरवाजा तोड़ा, तो सच्चाई जानकर सबके होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 47 वर्ष है और वह पेशे से प्लंबर है। वह अपने परिवार से अलग एक किराए के मकान में अकेला रहता था। उसकी मुलाकात पीड़ित महिला (47) से एक मजदूर अड्डे पर हुई थी। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और वे अक्सर साथ में शराब पिया करते थे।
क्या हुआ था 15 दिसंबर की रात?
पुलिस पूछताछ में हत्या की वजह का खुलासा हुआ है। 15 दिसंबर 2025 को दोनों मजदूर अड्डे पर मिले। काम नहीं मिलने पर दोनों ने पहले शराब की दुकान के पास और फिर आरोपी के घर पर बैठकर शराब पी। नशे के दौरान आरोपी के निजी जीवन को लेकर महिला ने कुछ अपमानजनक टिप्पणी कर दी। इस बात से भड़के आरोपी ने डंडे से महिला के सिर पर जोरदार हमला किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
लाश को फर्श में चुनकर हुआ फरार
हत्या के बाद आरोपी ने बड़ी बेरहमी से सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने शव के हाथ-पैर और गर्दन को रस्सी से बांधा और रसोई के फर्श के नीचे गड्ढा बनाकर उसे ईंटों के ढांचे से ढक दिया। इसके बाद वह घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। चूंकि महिला का अपने परिवार से संपर्क कम था, इसलिए उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हुई।
5 महीने बाद ऐसे खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी पिछले साल दिसंबर से वापस नहीं लौटा और मकान मालिक का उससे संपर्क टूट गया। 17 अप्रैल को जब मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो उसे घर के अंदर से असहनीय बदबू आई। जब रसोई के प्लेटफॉर्म को हटाया गया, तो वहां महिला का क्षत-विक्षत कंकाल मिला। मल्काजगिरि के पुलिस उपायुक्त (DCP) सी. श्रीधर ने बताया कि तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। आखिरकार आरोपी को 1 मई को जुबली बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें-
बिजली गुल होने पर टॉर्च की रोशनी में स्वास्थ्य सहिया का कराया गया प्रसव, मां-नवजात दोनों की मौत
क्या होता है 'स्ट्रॉन्ग रूम', कैसे होती है इसकी सुरक्षा? जिसे लेकर बंगाल में मचा है बवाल