1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बिहार में बैंक से 4. 5 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे, हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

बिहार में बैंक से 4. 5 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे, हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 07, 2025 11:53 pm IST,  Updated : May 07, 2025 11:53 pm IST

हमलावरों ने ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और भागने से पहले लॉकर और नकद भंडार खाली कर दिए।’’

bank loot- India TV Hindi
बैंक में लूट Image Source : INDIA TV

समस्तीपुर:  बिहार के समस्तीपुर जिले में अज्ञात हमलावरों ने बुधवार को एक सरकारी बैंक की शाखा से करीब 4.5 करोड़ रुपये के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस अपराध को पूर्वाह्न 11.30 बजे उस दौरान अंजाम दिया गया जब जब चेहरे पर नकाब और हेलमेट पहने सात से आठ हथियारबंद बदमाश बैंक ऑफ महाराष्ट्र की काशीपुर शाखा में घुस आए। 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और भागने से पहले लॉकर और नकद भंडार खाली कर दिए।’’ मिश्रा ने कहा, ‘‘बैंक के कर्मचारियों ने दावा किया है कि गिरोह 4.5 करोड़ रुपये के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया है।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

हाल में हुई लूट की घटनाएं

  1. आरा में तनिष्क शोरूम लूट (मार्च 2025): भोजपुर जिले के आरा में दिनदहाड़े तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से 8 लुटेरों ने लगभग 25 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे। लुटेरों ने 24 मिनट तक शोरूम में तांडव मचाया, कर्मचारियों को बंधक बनाया और हथियारों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने मुठभेड़ में दो लुटेरों, विशाल गुप्ता और कुणाल कुमार, को गिरफ्तार किया, जिनके पास से कुछ आभूषण और हथियार बरामद हुए। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज वायरल हुई, जिसने बिहार की विधि-व्यवस्था पर बहस छेड़ दी।
  2. मुजफ्फरपुर में आभूषण दुकान लूट (मई 2025): मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में तुर्की चौक पर एक सोने की दुकान से दिनदहाड़े लूट हुई। हथियारबंद लुटेरों ने दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बनाकर लगभग 10 लाख रुपये के आभूषण लूटे। यह घटना थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हुई, और लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
  3. पटना में एक करोड़ की लूट (मार्च 2025): कंकड़बाग इलाके में 8 अपराधियों ने जमीन की रजिस्ट्री के लिए आए लोगों से एक करोड़ रुपये नकद और चार मोबाइल फोन लूट लिए। लुटेरे हथियारों से लैस थे और नवादा की ओर भागे। पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन अभी तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।
  4. नवादा में 19 लाख की लूट (जनवरी 2025): नवादा के शाहपुरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक पशु व्यवसायी से 19 लाख रुपये लूटे। लुटेरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें व्यवसायी को गोली लगी। पुलिस ने 8 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया, लेकिन लुटेरे फरार हैं।
  5. भोजपुर, पटना और पूर्णिया में आभूषण शोरूम लूट (2025): इन जिलों में आभूषण शोरूमों में लूट की साजिश पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में रची गई। पुलिस ने 17 लुटेरों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो सरगना शेरू सिंह और चंदन शामिल हैं।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।